Wednesday, April 24, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनता मजबूर नहीं मजबूत सरकार चाहती है-श्रीवास्तव

जनता मजबूर नहीं मजबूत सरकार चाहती है-श्रीवास्तव

हाथरस, नीरज चक्रपाणि। चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और जनता इसमें महत्वपूर्ण फैसला लेती है। जनता भ्रष्टाचार मुक्त व भेदभाव मुक्त नीतियों का क्रियान्वयन चाहती है। जनता का गठबंधन-महागठबंधन पर कोई भरोसा नहीं है और वह मजबूर नहीं मजबूत सरकार चाहती है। कांग्रेस का घोषणा पत्र हास्याप्रद है। 55 साल राज करने वाले एक भी वादा निभा नहीं पाये और फिर वादे कर रहे हैं लेकिन जनता इनके वादे पर भरोसा करने वाली नहीं है। भाजपा की रीतियों व नीतियों के तहत कोई भी पार्टी में आना चाहता है उसका स्वागत है।
उक्त बातें आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरीश चन्द्र श्रीवास्तव ने भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य के आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि आम चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और जनता तय करती है कि देश की बागडोर किसे दें। उन्होंने कहा कि वर्तमान के चुनाव में यह चुनाव किसी प्रत्याशी का नहीं मोदी का चुनाव है, सकारात्मकता का चुनाव है। चुनाव निर्णय करेगा कि भारत को महाशक्ति बनने की तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से बढ रहा है। 5 साल से केन्द्र में मोदी सरकार व 2 साल से प्रदेश में योगी सरकार है और तेजी से विकास की योजनाओं का क्रियान्वयन हुआ है। साथ ही भ्रष्टाचार व भेदभाव मुक्त नीतियों का क्रियान्वयन हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज देश की जनता में उत्साह व आत्मविश्वास का माहौल है और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में जनता की लहर है तथा 2014 में तो देश की जनता ने चुनाव से पहले ही तय किया था कि देश की बागडोर दृढइच्छा शक्ति के धनी ईमानदार नरेन्द्र मोदी के हाथों में सौंपनी है। उसी तरह 2019 के चुनाव में भी जनता के बीच नरेन्द्र मोदी एक ब्राण्ड बन गये हैं। कठिन से कठिन लक्ष्य ही मोदी है तो मुमकिन है।
प्रदेश प्रवक्ता श्रीवास्तव ने केन्द्र सरकार के आंकडे रखते हुए कहा कि देश के ढाई करोड गरीब परिवारों को पीएम आवास, 9 करोड से ज्यादा को शौचालय, मुद्रा योजना में साढे 4 करोड को लोन, 7 करोड से अधिक को मुफ्त गैस कनैक्शन, 12 करोड किसानों को किसान सम्मान निधि से राहत, 50 करोड परिवारों को 5 लाख तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा आदि दी गई है।
उन्होंने विपक्ष को आडे हाथों लेते हुए कहा कि परस्पर विरोधी एक साथ आते हैं तो जनता का भरोसा कायम नहीं होता है और गठबंधन- महागठबंधन सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं तथा ये लोग मजबूत नहीं मजबूर सरकार चाहते हैं जबकि देश मजबूत सरकार चाहता है। सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि गठबंधन उ.प्र. में एक भी सीट नहीं जीत पायेगा तथा उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र को हास्याप्रद बताते हुए कहा कि 55 साल राज करने वाले एक भी वादा पूरा नहीं कर पाये और जनता को भ्रमित किया जबकि खुद कांग्रेस के नेता कांग्रेस के घोषणा पत्र में किये गये वादों पर भरोसा करने वाले नहीं हैं और 2014 से बडी जीत भाजपा को 2019 में मिलेगी। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर जो भाजपा में आना चाहते हैं उनका स्वागत है। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, ब्रज क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी अर्पित चित्रांश, जिला मीडिया प्रभारी डा. राजीव सेंगर, सह मीडिया प्रभारी विशाल गुप्ता, क्रमल वाष्र्णेय, कमल नयन वाष्र्णेय, गिरीश सेंगर, धर्मेन्द्र तौमर आदि मौजूद थे।