फिरोजाबाद। गुरुवार को डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडे ने बकरीद को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने नगर का पैदल भ्रमण कर शहरवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिया। डीआईजी ने कहा कि फिरोजाबाद पुलिस आपकी सुरक्षा में हमेशा तत्पर है और अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चैकी नालबंद पर डीआईजी ने मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक की जिसमें सात जून को मनाए जाने वाले बकरीद त्योहार की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और पुलिस की अपेक्षाओं से अवगत कराया। बैठक सकारात्मक रही और पुलिस द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। त्योहार पारंपरिक और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा तथा कोई गैर परंपरागत आयोजन नहीं होगा। सभी ने इस त्योहार को सकुशल मनाने का संकल्प लिया और अमन चैन कायम रखने का आश्वासन दिया।
मुख्य समाचार
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आगरा मंडल में शपथ समारोह, पौधारोपण एवं जन जागरूकता रैली का आयोजन
आगरा/मथुरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आगरा मंडल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल द्वारा आगरा मंडल कार्यालय में शपथ समारोह का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों और रेल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। मंडल रेल प्रबंधक ने समपार फाटक संख्या 77 शाहगंज के पास परिजात संस्था के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। इसी क्रम में कुबेरपुर मालगोदाम में भी वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के तहत आयोजित निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कृत किया गया।
पूर्व मुख्य सचिव ने विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में किया प्रतिभाग
मऊ। पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने जनपद मऊ में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर क्षेत्रवासियों को प्रेरणा दी। भितिया ब्रह्म स्थान पर स्थित श्रीराम दरबार, श्रीराधा-कृष्णजी और शिव बाबा दरबार मंदिरों में नव मूर्तियों का अनावरण वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन और हवन के साथ किया गया। इस अवसर को श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक उन्नति का अनूठा अवसर बताया। इसके पश्चात प्रसिद्ध कथावाचक पंडित हरिशंकर मिश्रा द्वारा श्री सत्य नारायण जी की कथा का आयोजन हुआ, जिसके समापन पर प्रसाद वितरण और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। पूर्व मुख्य सचिव ने मधुबन स्थित शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय विद्यालय के बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें देशसेवा और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित किया। साथ ही इंदिरा गांधी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का दौरा कर वहां की चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया और मरीजों का हालचाल जाना। श्रीमती इंदिरा गांधी ग्रुप ऑफ कॉलेज, मर्यादपुर में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
बीज की 45 दुकानों पर की छापेमारी, जांच कर 36 का लिया गया नमूना
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर चंदौली जिले में बीज बिक्री केंद्रों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में तहसील स्तर पर कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की टीमों का गठन कर रैंडम आधार पर बीज दुकानों की जांच की गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत कुल 45 बीज दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 36 दुकानों से बीज के नमूने लिए गए हैं। यह कार्रवाई विभिन्न स्थानों पर की गई। पं० दीन दयाल उपाध्याय नगर में उप कृषि निदेशक, सहायक निबंधक सहकारिता एवं जिला उद्यान अधिकारी की टीम ने जांच की। वहीं सकलडीहा में जिला कृषि अधिकारी एवं जिला उद्यान अधिकारी, चकिया/नौगढ़ में उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा सदर चंदौली में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए एवं सहायक निदेशक मत्स्य द्वारा दुकानों का गहन निरीक्षण किया गया। बीज के लिए गए नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आरेडिका में लगाए गए पौधे
रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा एवं आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती भारती मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इको कम जॉगर्स पार्क में महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं के साथ वृक्षारोपण करते हुए श्रीमती भारती मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं” है। उन्होंने अपील की कि प्लास्टिक के उपयोग को कम करें, सिंगल यूज प्लास्टिक से पूरी तरह बचें, और कपड़े व जूट के थैलों का उपयोग बढ़ाएं।
ऊंचाहार की बेटी का आईआईटी में सात जगह हुआ चयन, भाजपा नेता ने बढ़ाया हौसला
रायबरेली। नगर क्षेत्र ऊंचाहार की एक बेटी ने आईआईटी की परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। बेटी की इस शानदार सफलता पर गुरुवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल उसके आवास पर पहुंचे और उसे सम्मानित कर हौसला बढ़ाया। नगर के खत्री टोला निवासी रितेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा का चयन आईआईटी में वैज्ञानिक पद के लिए हुआ है। देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में चयनित होने पर अभिलाष कौशल ने साक्षी को अंग वस्त्र व पुष्प गुच्छ भेंट कर उसका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में बुलंदियों को छू रही हैं और साक्षी की सफलता से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि बेटियों को हौसले देने की जरूरत है, जिससे वे न सिर्फ अपना बल्कि समाज और क्षेत्र का नाम भी रोशन करें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस बेटी की मदद के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
ऊंचाहार की साक्षी का आईआईटी रुड़की में साइंटिस्ट पद पर हुआ चयन, नगर की चेयरपर्सन ने घर जाकर दी बधाई
ऊंचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र जायसवाल (टिल्लू भैया) ने बताया कि ऊंचाहार के खत्री टोला निवासी रितेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा, जो मनीष मिश्र की भतीजी हैं, का चयन प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की में साइंटिस्ट पद पर हुआ है। साक्षी की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे ऊंचाहार नगर का नाम रोशन किया है। इस जानकारी के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल स्वयं साक्षी के घर पहुंचीं और उन्हें सम्मानित कर बधाई एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं नगर का गौरव हैं और इनसे अन्य बेटियों को प्रेरणा मिलेगी।
कुंडा से मनगढ़ धाम मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास
कुंडा, प्रतापगढ़। कृष्णा पैलेस, फरेदू पुर, नगर पंचायत कुंडा में आयोजित कार्यक्रम में जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा से विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह (राजा भइया) ने कुंडा व बाबागंज विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क का शिलान्यास किया।
उन्होंने मार्ग कुंडा से मनगढ़ धाम (लंबाई 5.9 कि.मी. व लागत 10.76 करोड़) के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के कार्य का शिलान्यास शिलान्यास किया।
इस दौरान एमएलसी प्रतापगढ़ गोपाल सिंह, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, पूर्व सांसद शैलेन्द्र, डॉ. के. एन. ओझा एवं राजा भइया के दोनों सुपुत्र बड़े राजा व छोटे राजा समेत जनसत्ता दल के हजारों कार्यकर्तागण व सम्मानित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कर पर्यावरण बचाने का दिया संदेश
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर बागवानी एवं सौंदर्यीकरण अनुभाग की ओर से वृक्षारोपण अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के डीन (शैक्षणिक) प्रो. के.के. पांडेय एवं विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारीगण के साथ मिलकर आम्बेडकर भवन परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किये। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की नियमित देखभाल का वचन भी लिया।
विवि कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने सभी को संदेश दिया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी मानें और पौधारोपण जैसे सतत् प्रयासों को जीवन का हिस्सा बनाएं। इसके अतिरिक्त प्रो. मित्तल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण कोई एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि यह एक दीर्घकालिक संकल्प होना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को चाहिए कि वह प्रकृति के प्रति संवेदनशील बने और भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरा-भरा एवं संतुलित पर्यावरण का निर्माण करने में अपना अहम योगदान दे।
नॉन रिसाइकिल पॉलीथीन मुक्त परियोजना बनाने का एनटीपीसी ने लिया संकल्प
पवन कुमार गुप्ता : रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में गुरूवार को विश्व पर्यावरण दिवस विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण पदयात्रा का आयोजन कराया गया जिसमें बच्चे, महिलाओं ने, एनटीपीसी एवं सीआईएसएफ कर्मचारी, संगठन के पदाधिकारियों ने बड़े उत्साहपूर्वक पर्यावरण पदयात्रा में शामिल हो कर पर्यावरण दिवस को सफल बनाया।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (ऊंचाहार) अभय कुमार श्रीवास्तव द्वारा सभी उपस्थित कर्मचारी एवं परिवार गण को पर्यावरण बचाने के लिए शपथ दिलवाई गई। साथ ही एनटीपीसी के निदेशक-प्रचालन रवींद्र कुमार के द्वारा प्रेषित पर्यावरण संदेश महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण आशुतोष विश्वास द्वारा पढ़कर सभी को सुनाया गया। अपने संबोधन में अभय कुमार श्रीवास्तव ने यह बताया कि आने वाले समय में हमारे बच्चों के लिए एक अच्छा पर्यावरण उपलब्ध रहे इसके लिए परियोजना परिसर को नॉन रिसाइकिल पॉलीथीन मुक्त परियोजना बनाने का संकल्प लेना है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओ के विजेताओं को मुख्यअतिथि तथा अन्य अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान करके उन्हें प्रोत्साहित किया।