कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत तो तहसीलों पर प्रधान, बीडीसी प्रत्याशियों ने किये नामांकन
हाथरस। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत पहले चरण के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुभारंभ होने के साथ ही जहां आज जिला कलेक्ट्रेट पर भारी भीड़ लगी रही। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों द्वारा अपने-अपने नामांकन दाखिल किए गए हैं। जबकि सभी तहसीलों पर भी ग्राम प्रधान, बीडीसी के प्रत्याशियों द्वारा भी नामांकन दाखिल किए गए हैं और जिले की सभी तहसीलों पर भी आज भारी भीड़ भाड़ व गहमा गहमी दिखाई दी। लेकिन जिले की राजनीति में आज उस समय भारी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया जब उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सादाबाद के विधायक रामवीर उपाध्याय द्वारा अपनी पत्नी एवं पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय के जनपद की सबसे ज्यादा हॉट सीट बने वार्ड संख्या 14 से जिला पंचायत सदस्य पद हेतु आज नामांकन दाखिल किए जाने से जिले की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और अब वार्ड संख्या 14 में सगी जेठानी व दौरानी के बीच कड़ा व रोमांचक राजनीतिक मुकाबला देखने को मिल सकता है। जबकि आज कई दिग्गजों द्वारा भी जिला पंचायत सदस्य पद हेतु अपने अपने नामांकन दाखिल किए गए हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत प्रथम चरण के लिए आज से शुरू हुए नामांकन प्रक्रिया के तहत जिला पंचायत के सदस्य पद हेतु कलेक्ट्रेट परिसर में आज सुबह से ही नामांकन दाखिल करने के लिए दावेदारों की भारी भीड़ भाड़ लगी रही। वहीं जिले के सभी राजनीतिक दलों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों व दावेदारों द्वारा अपने-अपने नामांकन दाखिल किए गए हैं और आज करीब 100 दावेदार प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए गए हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत जिला पंचायत के सदस्य पद हेतु होने वाले चुनाव में आज उस समय भारी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई, जब आज दोपहर पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय द्वारा अपने आगरा रोड स्थित आवास बामौली हाउस पर अपने समर्थकों व शुभचिन्तकों के साथ चुनावी चर्चा व प्रेस के साथ वार्ता के दौरान अपनी पत्नी एवं पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय के जिला पंचायत सदस्य पद हेतु चुनाव लड़े जाने का ऐलान किया गया और इस ऐलान के साथ ही जनपद के सभी राजनीतिक दलों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और नई-नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वहीं आज जब पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय अपने आवास पर प्रेस व समर्थकों के साथ वार्ता कर रहे थे तो इसी दौरान उनके अनुज एवं भाजपा नेता मुकुल उपाध्याय भी उनके आवास पर पहुंच गए लेकिन पूर्व ऊर्जा मंत्री ने उनसे बात नहीं की और वहां से जाने के लिए कह दिया। जिसके बाद मुकुल उपाध्याय वहां से चले आये। वहीं पूर्व ऊर्जा मंत्री द्वारा पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत सीमा उपाध्याय के वार्ड संख्या 14 से जिला पंचायत सदस्य पद हेतु चुनाव लड़ने का ऐलान किया गया। जिसके बाद उन्होंने पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय व सैकड़ों समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सीमा उपाध्याय द्वारा अपना नामांकन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल किया गया है। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय व चिरागवीर उपाध्याय भी साथ थे।
जिला पंचायत के सदस्य पद हेतु आज जनपद के विभिन्न दलों के अन्य दिग्गजों द्वारा भी नामांकन दाखिल किए गए हैं। जिनमें वार्ड संख्या 12 से सपा प्रत्याशी राधा रानी सिंह राही, वार्ड 11 से आशीष कुमार, कांग्रेस से राजपाल सिंह पूनियां, निहाल सिंह, रामेन्द्र, भगवती प्रसाद, वार्ड संख्या 12 से सपा प्रत्याशी मंजू निमेष, वार्ड संख्या 13 से राष्ट्रीय लोकदल से आशा शर्मा, वार्ड संख्या 1 से कांग्रेस के मनोज यादव, वार्ड संख्या 2 में कांग्रेस के गौरव कश्यप, वार्ड संख्या 3 में कांग्रेस के सुदामा गुप्ता, वार्ड संख्या 5 में कांग्रेस से ब्रजेश देवी यादव, वार्ड संख्या 20 आम आदमी पार्टी के संजय यादव, वार्ड संख्या 18 से बसपा के दीवान सिंह, वार्ड संख्या 17 से ईशान चौधरी, वार्ड संख्या 24 से जोतेन्द्र सिंह, वार्ड संख्या 12 से हरप्रसाद, वार्ड संख्या 20 से भाजपा प्रत्याशी स्वाति किशोर, कांग्रेस से देवेन्द्र कुमार यादव, वार्ड संख्या 22 से सपा प्रत्याशी संजीदा बेगम, कांग्रेस से मिथलेश शर्मा, वार्ड संख्या 16 से राष्ट्रीय लोकदल से प्रदीप चैधरी उर्फ गुड्डू चौधरी तथा वार्ड 15 से उनकी पत्नी शशि चौधरी के अलावा कांग्रेस से विद्या देवी, रामेश्वर पहलवान द्वारा अपने-अपने नामांकन दाखिल किए गए हैं। इनके अलावा आज करीब 111 प्रत्याशियों द्वारा अपने अपने नामांकन दाखिल किए गए हैं। कांग्रेस की तरफ से जिला पंचायत के चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में छत्तीसगढ़ से अवनीश राघव व कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य व शहर अध्यक्ष विनोद कुमार कर्दम आदि कांग्रेसी भी नामांकन के दौरान मौजूद रहे।
जिला पंचायत सदस्य पद हेतु प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने पर जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट में दो काउंटर लगाए गए हैं। जिनमें वार्ड संख्या 1 से लेकर 11 तक एआरओ/जल निगम के एक्सईएन आर के शर्मा तथा वार्ड संख्या 12 से 24 तक बनाए गए काउंटरों पर एआरओ एवं एसडीओ वन विभाग द्वारा नामांकन लिए गए हैं। जबकि रिटर्निंग ऑफिसर सीडीओ आरबी भास्कर हैं। कलेक्ट्रेट पर आज जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान भारी भीड़ समर्थकों की लगी रही। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल भी तैनात था। नामांकन करने आ रहे प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा अपने-अपने प्रत्याशी के समर्थन में जमकर जोशीली नारेबाजी की जा रही थी। कलेक्ट्रेट व जनपद की चारों तहसीलों पर नामांकन प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी रमेश रंजन व पुलिस कप्तान विनीत जायसवाल द्वारा निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा निर्देश अधीनस्थों को दिये गये।