Tuesday, April 30, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गंगा तटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब,लाखों लोगों ने लगाई डुबकी

गंगा तटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब,लाखों लोगों ने लगाई डुबकी

रायबरेली,पवन कुमार गुप्ता। महामारी के कारण विगत दो वर्षों से सूने पड़े गंगा के तटों को खोला गया तो इस बार की कार्तिक पूर्णिमा ऐतिहासिक हो गई।आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि सारी व्यवस्थाएं तार-तार हो गई।क्षेत्र के केवल गोकना गंगा घाट पर गुरुवार शाम से लेकर शुक्रवार दोपहर तक करीब पांच लाख लोगों के गंगा स्नान का अनुमान लगाया जा रहा है और जनपद के डलमऊ गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के आंकड़े अनुमान से भी ज्यादा हैं। पुराणों में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान व पूजन का विशेष महत्व है।दो साल बाद इस बार गंगा तटों पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भारी भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के गंगा घाट पूरे तीर,खरौली,कोटरा बहादुर गंज , अरखा,गोकना और डलमऊ में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बता दें कि गोकर्ण ऋषि की तपोस्थली गोकना गंगा घाट पर गुरुवार की शाम से तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ था।गुरुवार शाम को ही गोकना घाट पर आसपास के जनपदों अमेठी,सुल्तानपुर,फतेहपुर और प्रतापगढ़ से लोग विभिन्न साधनों से यहां पहुंचे थे। गोकना घाट पर स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। पौराणिक कथाओं में गोकर्ण ऋषि और उनके अनुज धुंधकारी की कथा इसी घाट से जुड़ी हुई है।साथ ही यहां गंगा का प्रवाह उत्तर से दक्षिण की दिशा में है, इसलिए भी गोकना गंगा घाट पर स्नान के लिए दूर दराज से लोग आते हैं।गुरुवार शाम से शुरू हुआ स्नान शुक्रवार को दिन भर चलता रहा।क्षेत्र के जमुनापुर चौराहा से गोकना मार्ग पर दिन भर जाम की स्थित बनी रही।यही हाल खरौली गोकना मार्ग का भी रहा। कार्तिक पूर्णिमा मेले का समापन शनिवार को होगा। वहीं प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आने जाने वालों पर नजर बनाए हुए हैं इसके साथ नगर पंचायत की टीम पूरी व्यवस्थाओं के साथ मौजूद है।