Saturday, May 4, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वृद्ध ग्रामीण की हत्या में पुलिस खाली हाथ

वृद्ध ग्रामीण की हत्या में पुलिस खाली हाथ

हत्या के 24 घंटे बाद भी आरोपियों का नहीं लगा सुराग
पचोखरा में ईंट से कुचलकर कर दी गई थी वृद्ध की हत्या
टूंडला, जन सामना संवाददाता। पचोखरा क्षेत्र में बुधवार को ईंटों से कुचलकर की गई वृद्ध की हत्या में पुलिस अभी तक खाली हाथ है। वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। आरोपियों के न पकडे जाने से ग्रामीणों में रोष है। थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव नगला दल में बुधवार को भेड़ चराने गए वृद्ध राजपाल सिंह बघेल पुत्र लालाराम की अज्ञात हमलावरों ने ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना की जानकारी परिजनों को शाम को हुई थी। परिजन राजपाल की तलाश में खेत पर गए थे। वहां उन्हें राजपाल का शव खेत में पडा मिला था। मौके पर एसपी देहात महेन्द्र सिंह, सीओ प्रेमप्रकाश यादव समेत पचोखरा थाने की पुलिस पहुंच गई थी। परिजनों ने शव नहीं उठने दिया था। परिजनों का आरोप था कि छह वर्ष पूर्व राजपाल का अपहरण हुआ था। उसकी आज तक जानकारी नहीं हो सकी। अब हत्यारों को पुलिस कैसे पकड लेगी। हालांकि बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर शव का पोस्टमार्टम करा दिया था। हत्यारों की जानकारी के लिए पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ भी की लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। हमलावरों की तलाश में पुलिस ने आज कई स्थानों पर पूछताछ की। यहां तक कि खेतों पर काम करने वाले किसानों से भी जानकारी जुटाई। अंत तक हमलावरों की जानकारी नहीं हो सकी। आरोपियों के न पकडे जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस मामले में थानाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह का कहना है कि अज्ञात हमलावरों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की जानकारी की जा रही है।