Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पुलिस ने पकड़ी तीन अवैध शस्त्र फैक्ट्री, चार गिरफ्तार

पुलिस ने पकड़ी तीन अवैध शस्त्र फैक्ट्री, चार गिरफ्तार

फिरोजाबाद। जनपद के थाना उत्तर व मक्खनपुर पुलिस ने तीन अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भण्डाफोड़ करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से भारी मात्रा में असलाह व असलाह बनाने के उपकरण बरामद हुये है। पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी द्वारा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जनपद में अवैध शस्त्र, अवैध शराब व अपराधियों के विरूद्ध विभिन्न अभियान चलाये जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अखिलेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अनिवेश कुमार के नेतृत्व में थाना पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भण्डाफोड़ किया। इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अवैध शस्त्र फैक्ट्री के बारे में जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि सुभाष कुमार ओझा पुत्र फूलन सिंह निवासी सन्तोष नगर गली नंबर 1 थाना उत्तर को ओम सांई ढाबा के पीछे खण्डहर में बनी चारदीवारी से 9 अदद तमंचे, 4 अधबने तमंचे और 3 जिन्दा कारतूस व भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरणों सहित गिरफ्तार किया है। इसी क्रम में दूसरे आरोपी राहुल कुमार ओझा पुत्र शिशुपाल निवासी संतोषनगर गली नंबर एक थाना उत्तर को ग्राम सांती व बनीपुरा के बीच जंगल में हाइटेंशन लाइन के टावर के पास बनी कोठरी की बाउण्ड्री वॉल के अन्दर से 5 तमंचे, 2 अधबने और 3 कारतसू व भारी मात्रा में अवैध तमंचे बनाने के उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में थाना उत्तर प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने पुलिस टीम के साथ सूचना पर अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भण्डाफोड़ करते हुए शिवाजी मार्ग गोपाल नगर से दो अभियुक्तों चद्रकांत ओझा उर्फ बिल्ला पुत्र रामस्वरूप ओझा व शोभित पुत्र चद्रकांत ओझा निवासीगण शिवाजी मार्ग गोपाल नगर थाना उत्तर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अठारह तमंचा, कारतूस व उपकरण बरामद किये है। एसपी ग्रामीण डॉ अखिलेश नारायण ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास है। इन्होंने पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताये है। जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।