Tuesday, May 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » खून सस्ता और दूध महंगा है भाजपा के राज में : इमरान प्रतापगढ़ी

खून सस्ता और दूध महंगा है भाजपा के राज में : इमरान प्रतापगढ़ी

सिकंदराराऊ। विधानसभा चुनाव के मैदान में कांग्रेस अब पूरा जोर लगा रही है। इस क्रम में पार्टी के तमाम स्टार प्रचारक मैदान में उतर चुके हैं। जिनके निशाने पर केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार है। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के स्टार प्रचारक शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने स्थानीय नगर पालिका क्रीड़ा स्थल पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ छवि वार्ष्णेय के समर्थन में आयोजित जनसभा के दौरान शायराना अंदाज में चुनावी संबोधन की शुरुआत करते हुए योगी, मोदी और अमित शाह पर जमकर हमला बोला और अडानी अंबानी को लेकर भी तीखे प्रहार किए। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को किसान , नौजवान, मजदूर और दलित विरोधी एवं भाजपा को सांप्रदायिकता की आग में झोंकने वाली पार्टी करार दिया।
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि योगी मोदी मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। यह कैसी कानून व्यवस्था है। हाथरस की बूलगढी में एक बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में आज तक न्याय नहीं मिला। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को योगी की पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। 70 किलोमीटर पैदल चले और अस्थाई जेल ले जाया गया ।लेकिन हौसले नहीं टूटे। प्रियंका गांधी लगातार आम आदमी की लड़ाई लड़ रही हैं ।कांग्रेस ने अब तक विपक्ष की भूमिका को बखूबी निभाया है। भाजपा ने पिछले सात साल में देश को साम्प्रदायिकता की आग में झोंककर भाईचारे को खत्म करने का घोर अपराध किया है। भाजपा के राज में हर चीज के दाम बेतहाशा बढे़ हैं। मंहगाई ने गरीब का जीना दूभर कर दिया है। गैस सिलेंडर व सरसों का तेल सब कुछ महंगा हो गया है। इस सरकार ने नफरत और महंगाई के अलावा जनता को कुछ नहीं दिया। भाजपा सरकार में खून सस्ता और दूध महंगा है। यह योगी और मोदी से बदला लेने का वक्त है। 5 किलो राशन देने के बदले में महंगा खाद व यूरिया दिया जा रहा है ।हमें भीख नहीं अपना हक चाहिए। इस बार संविधान से लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई है।
इमरान प्रतापगढ़ी ने प्रदेश और देश में बेरोजगारी की स्थिति पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, मंहगाई, और साम्प्रदायिक ताकतों ने देश को खोखला करके बर्बादी के कगार पर धकेल दिया है। आप रोजगार मांगोगे तो वह हिजाब की आड़ लेंगे। अब तक हुए 2 चरणों के चुनाव में भाजपा का सांप्रदायिकता का दांव जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। समाज में कायम भाईचारे को भाजपा की साम्प्रदायिकता वादी नीति और करनी के चलते भारी नुकसान हुआ है। इंसान और इंसानियत को जिंदा रखने के लिए कांग्रेस को खुलकर समर्थन दें। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि मोदी सरकार में डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की कीमत आसमान छू रही हैं। सरकार उद्योगपतियों के हित के लिए सरकारी संसाधन बेच रही है। आरोप लगाया कि लखीमपुर खीरी में किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले के पिता को सरकार में मंत्री बना रखा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश और देश में स्थिति में बदलाव केवल कांग्रेस ही ला सकती है। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ छवि वार्ष्णेय को जिताने की अपील की। कांग्रेस नेता ने कहा पूरे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ रही है और सरकार भी कांग्रेस के बिना किसी की नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कांग्रेस जनता के मुद्दों और उनके हितों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ रही है। लखनऊ से लेकर लखीमपुर तक कांग्रेस सड़कों पर दिखी है जबकि आपके वोटों पर हक दिखाने वाले अपने घरों में छुपे बैठे रहे।
कांग्रेस प्रत्याशी छवि वार्ष्णेय ने कहा कि आज मैं चुनाव नहीं लड़ रही जनता चुनाव लड़ रही है और जीतने के बाद जनता ही विधायक होगी और हर महिला विधायक होगी ।उन्होंने कहा कि मैं क्षेत्र में जा रही हूं और समस्याओं को देख रही हूं। जनप्रतिनिधियों ने कोई विकास कार्य नहीं कराए। केवल जनता के साथ विश्वासघात किया है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य एवं प्रत्याशी छवि वार्ष्णेय ने इमरान प्रतापगढ़ी का शाल एवं 51 किलो की फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। जनसभा की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरोज देवी ने की एवं संचालन नवेद अहमद खान ने किया।जनसभा में पंडित ब्रह्मदेव शर्मा, हसीन खान , प्रदीप जादौन, निखिलवर्ती पाठक, संजय प्रताप सिंह, शाहिद अली, सोनू पंडित, अखलाक भारती , साकिर कुरेशी, सत्य प्रकाश शर्मा , कृष्णा गुप्ता, विकास चौधरी , मुन्ना लाल शर्मा, गिरीश दिवाकर, गौरव कश्यप, अर्जुन बघेल, धीरेंद्र बघेल, सज्जन सिंह बघेल , चांद खान ,तरुण भारद्वाज, हरीश वशिष्ठ, शिवांग भारद्वाज, सारिक वारसी, इमरान अली ,सगीर कुरैशी, सानू कुरैशी, चाहत अली, मुशीर कुरेशी, रमेश चौहान ,नीरज शर्मा ,अवधेश पुंडीर ,प्रबल प्रताप सिंह, कृष्ण कांत शर्मा ,जितेंद्र गौतम एडवोकेट ,विनोद कुमार कर्दम , संजीव वार्ष्णेय, देवेंद्र शर्मा, पिंटू खटीक, अनुज शर्मा , हरेंद्र गुप्ता, नूर मोहम्मद नूर ,जैनुद्दीन एडवोकेट, कपिल नरूला, विष्णु कुमार , मयंक उपाध्याय, वीरपाल ठेकेदार ,अर्जुन सिंह ,मनोज अग्निहोत्री आदि सैकड़ों लोग मौजूद थे।