Monday, May 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राणा बेनी माधव बख्श सिंह की २१८ वीं जयंती कार्यक्रम पर शामिल हुए मुख्यमंत्री

राणा बेनी माधव बख्श सिंह की २१८ वीं जयंती कार्यक्रम पर शामिल हुए मुख्यमंत्री

➡️ राणा बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री ने पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ

➡️ राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर बनेगा सभागार, सीएम योगी ने किया शिलान्यास 

 

रायबरेली। प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम 1857 के महानायक, अप्रतिम वीर अवध केशरी राना बेनी माधव बख्श सिंह जी की 218 वीं जयंती के अवसर पर भाव समर्पण समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम राना बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया तत्पश्चात शहीद चौक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के प्रांगण में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा राना बेनी माधव के जीवन तथा विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने भाव समर्पण समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया तथा राना बेनी माधव की स्मृति में एक सभागार का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने भाव समर्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रथम स्वतंत्रा संग्राम के समय राना बेनी माधव ने लगभग डेढ़ वर्ष तक अंग्रेजों के चंगुल से रायबरेली क्षेत्र को आज़ाद रखा। उन्होंने स्वतंत्रता से पूर्व ही रायबरेली वासियों को स्वतंत्रता का अहसास करा दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में पहली बार 1857 में विदेशी सरकार को जड़ों से उखाड़ फेंकने का युद्ध लड़ा गया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की उत्तर प्रदेश से ही शुरुआत हुई थी। प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों में लड़ाई हो रही थी और अवध में राना बेनी माधव बख्श सिंह ने अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए थे। उनके साथ वीरा पासी के त्याग और बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता, जो कि राना बेनी माधव के साथ युद्ध में शामिल रहे। आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित करना एक सुखद कार्य है। यह अवध क्षेत्र ऐसे बलिदानियों का ऋणी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को नही भुलाया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और संसदीय कार्य, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण चिकित्सा शिक्षा, मातृ एवं शिशु कल्याण राज्यमंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह, ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने परमवीर चक्र से सम्मानित सूबेदार मेजर संजय कुमार सिंह, पशु सेवा के लिए अर्पित यादव, प्रख्यात कवि अनूप अशेष, शमशेर सिंह आदि लोगों को स्मृति चिन्ह व राना बेनी माधव बक्श सिंह की प्रतिमा को देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह, विधायक अशोक कुमार, राना बेनी माधव बख्श सिंह आयोजन समिति के अध्यक्ष इंद्रेश विक्रम सिंह, परमवीर चक्र से सम्मानित सूबेदार मेजर संजय कुमार सिंह, रामदेवपाल सहित मण्डल के आईजी लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एडीएम एफआर पूजा मिश्रा, एसडीएम सदर शिखा श्रंखवार, नगर मजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा, प्रचार सहायक बड़े लाल यादव, मो0 राशिद रियाज, इफ्तिेखार अहमद खां आदि सहित राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी पूर्व विधायक राधवेन्द्र प्रताप सिंह एवं ऊंचाहार के पूर्व विधायक कुंवर अजय पाल सिंह उर्फ मुन्ना भैया आदि अधिकारी व जनपद सहित अन्य जनपदों के पुलिस कर्मी व अधिकारी, समाज सेवी भी उपस्थित रहे।