ऊंचाहार, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के तामसगढ़ मजरे खान आलमपुर सतहरा गांव निवासी एक युवक एटीएम में पैसा निकालने गया था। जहां ठगों ने एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 17 हजार रुपये निकाल लिये। जानकारी होने पर पीड़ित ने अज्ञात ठगों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। उक्त गांव निवासी अवधेश कुमार का सलोन क्षेत्र के बिन्दागंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में बचत खाता है। शुक्रवार को उसने बाबूगंज बाजार स्थित एटीएम से 1000 रुपये निकाले, उसी दौरान आरोप है कि जब वह पैसे निकालकर एटीएम से बाहर आया तो तीन अज्ञात लोग वहां आ गये। जिसमें एक व्यक्ति ने कहा कि एटीएम का नियम बदल गया है हम को कार्ड दो हम सही कर देते हैं। पीड़ित युवक ने अज्ञात युवक को अपना एटीएम कार्ड दे दिया। इसी बीच ठगों ने युवक का एटीएम कार्ड बदल कर दूसरा एटीएम कार्ड उसे थमा दिया और वहां से चले गये। थोड़ी ही देर बाद पीड़ित के मोबाइल पर दो किश्तों में 17 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया, तो उसके होश उड़ गये।
JAN SAAMNA DESK
ऊंचाहार तहसील में आखिरकार अधिवक्ताओं को क्यों करना पड़ रहा है हड़ताल ?
रायबरेली । तहसीलदार द्वारा कथित रूप से अधिवक्ताओं के उत्पीड़न के मामले में शनिवार को काफी गहमा गहमी रही। बातचीत के दौरान स्थित इतनी बिगड़ गई कि एसडीएम को हस्तक्षेप करना पड़ा।
ज्ञात हो कि ऊंचाहार तहसील के अधिवक्ता तहसीलदार के विरुद्ध तीन दिन से हड़ताल पर है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसीलदार अनावश्यक रूप से अधिवक्ताओं को परेशान कर रहे है, उनके चेंबर तोड़े जा रहे है। इस मामले को लेकर तहसील बार एसोसिएशन अधिकारियों पर लगातार दबाव बना रहा है। शनिवार को मामले में समाधान के लिए तहसीदार के कक्ष में बार की बैठक बुलाई गई थी। जहां बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया और तहसीलदार ने अधिवक्ताओं को अपने कार्यालय से भगा दिया। इसके बाद अधिवक्ता अक्रोशित हो गए । मामला बिगड़ता देख एसडीएम राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं को किसी प्रकार शांत कराया और 14 मार्च तक का समय वकीलों से मांगा है। उधर बार एसोसिएशन ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।
सीआईएसएफ ने मनाया पदस्थापना दिवस
ऊंचाहार, रायबरेली। अपनी स्थापना के 53 वें दिवस पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने शनिवार को अपने शौर्य और पराक्रम पर न सिर्फ गर्व किया, अपितु राष्ट्र की सुरक्षा में खुद को आगे रखने का संकल्प भी लिया है।
एनटीपीसी स्थित सीआईएसएफ की ऊंचाहार यूनिट में शनिवार को बड़े धूमधाम से सीआईएसएफ का 53 पदस्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक कमलेश सोनी ने कहा कि सीआईएसएफ आज देश की बहुत बड़ी पैरा मिलिट्री फोर्स बन गई है। सीआईएसएफ ने समय समय पर अपनी ताकत का एहसास पूरे देश को कराया है। वीरेंद्र सिंह उप कमांडेंट और एस के सिरोही ने कहा कि एक अनुशासित और दक्ष सुरक्षा बल के रूप में सीआईएसएफ आज किसी भी परिस्थिति से निपटने में सक्षम है। इस मौके पर परेड का भी आयोजन किया गया। परेड का नेतृत्व राम सुरेश ने किया। इस मौके पर जवानों ने एक मिनट वैपन हैंडिल का शानदार प्रदर्शन किया।
मामूली बात पर पड़ोसियों ने महिला को पीटा
ऊँचाहार, रायबरेली। तहसील क्षेत्र व गदागंज थाना क्षेत्र के मतीनगंज में मामूली बात पर पड़ोसियों ने एक महिला को पीट पीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
बताते चलें कि गुरुवार की शाम मतीनगंज निवासिनी अंसरी बेगम 45 वर्ष का पड़ोस के ही कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसियों ने महिला को लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। मामले की सूचना पीआरवी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एम्बुलेंस की मदद से ऊँचाहार सीएचसी भिजवाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार शुक्ल ने बताया कि मारपीट में घायल महिला सीएचसी आई थी, जिसका इलाज किया जा रहा है।
भट्ठे पर काम कर रहे मुंशी को दबंगों ने किया लहूलुहान
ऊँचाहार, रायबरेली । कोतवाली ऊंचाहार क्षेत्र के एक गांव में भट्ठे पर काम कर रहे मुंशी को कुछ दबंगों ने पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया । आनन-फानन उपरोक्त मुंशी को स्थानीय अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताते चलें कि क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल स्थित ईट भट्ठे पर दबंगों ने मुंशी को लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।
बताया जाता है कि महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के रुकुमपुर गाँव निवासी विनोद कुमार क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल स्थित मौर्या बिक्र फील्ड ईट भट्ठे पर मुंशी की नौकरी करता है। शुक्रवार की सुबह वो ईट भट्ठे पर मौजूद था तभी आरोप है कि पड़ोसी गांव बसिया का बाग निवासी तीन लोग जो पहले से ही घात लगाए बैठे हुए थे, उस पर लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिसके बाद दबंगों ने उसे पीट पीट कर लहूलुहान कर दिया, आस पास मौजूद लोगों के पहुंचने पर हमलावर मौके से भाग निकले। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों द्वारा घायल मुंशी को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 मार्च को
कानपुर। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर श्री मयंक कुमार जैन की अध्यक्षता में 12 मार्च, 2022 को दीवानी न्यायालय परिसर कानपुर नगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर श्रीमती श्रद्धा त्रिपाठी द्वारा यह भी बताया गया कि 12 मार्च, 2022 को माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर की अध्यक्षता में आयोजित उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी न्यायालय में लंबित सभी प्रकार के वाद जो सुलह योग्य हैं एवं बैंकों के प्री लिटिगेशन वादों का अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर किया जाएगा।
अवैध शस्त्र के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
नसीराबाद, रायबरेली। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नसीराबाद पुलिस ने एक अवैध असलहा धारी को दौड़ाकर गिरफ्तार किया। पुलिस की मानें तो थाना क्षेत्र के गांव निवासी मिर्चा मजरे लहेगा निवासी शान मोहम्मद पुत्र जान मोहम्मद 22 वर्ष थाना क्षेत्र के मट्टन नाला पुल पर बैठा था तभी मुखबिर खास की सूचना पर पता चला कि अभियुक्त किसी वारदात को अंजाम देने के लिए बैठा है। सूचना मिलते ही आनन-फानन दरोगा पुरुषोत्तम दास अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। लेकिन पुलिस टीम को देखते ही शान मोहम्मद भागने का प्रयास करने लगा। तभी पुलिस ने उसे दौड़ाकर मटन नाला से कुछ ही दूरी पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिसिया जांच के दौरान शान मोहम्मद के पास 315 बोर का अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। थानेदार नसीराबाद दयाशंकर तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शाम मोहम्मद नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया गया। जिसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर जेल भेजा जा गया।
Read More »
सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान ना रखने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
ऊंचाहार, रायबरेली। गुणवत्ता विहीन सड़क निर्माण को लेकर आखिरकार ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट ही गया। सड़क पर उतर कर ग्रामीणों ने मामले को लेकर जमकर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। जिसके बाद सूचना पर पहुंचे एनटीपीसी के अधिकारियों ने फिलहाल सड़क निर्माण पर रोंक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार एनटीपीसी बाउंड्री वॉल से बिकई गांव के लिए करीब नौ सौ मीटर पक्की सड़क का निर्माण एनटीपीसी द्वारा होना था। जिस पर कार्यदाई संस्था द्वारा निर्माण कार्य शुरू करवा दिया।लेकिन ग्रामीणों ने मानक विहीन सड़क निर्माण को लेकर नाराजगी जताई और एनटीपीसी के अधिकारियों से शिकायत की। जिस पर अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन वंदना चतुर्वेदी ने मामले की जांच कर सुधार कार्यदाई संस्था को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए।
अगले दिन प्रातः जब पुनः कार्य शुरू हुआ तो कार्य में सुधार न मिलता देख ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया, मामले को लेकर ग्रामीणों ने जमकर नारे बाजी कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके बाद एनटीपीसी के अधिकारियों ने मौके की जांच कर फिलहाल निर्माण कार्य पर रोंक लगा दी।
राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस पर नीरज को दी श्रद्धाँजलि
रायबरेली। यूक्रेन में रूस द्वारा की जा रही बमबारी में 01 मार्च को भारतीय छात्र नीरज की खारकीव में मौत हो गयी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। आज जब पूरा देश राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मना रहा है तो यूक्रेन में असुरक्षा के कारण मारे गये छात्र की याद आना स्वाभाविक है। जिले के प्रबुद्ध नागरिकों ने शहीद चौक पर छात्र नीरज के चित्र पर पुष्प चक्र अर्पित कर राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर श्रद्धाँजलि अर्पित की।
इस अवसर पर समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष मुकेश रस्तोगी ने यूक्रेन में फँसे भारतीय छात्रों को शीघ्र सुरक्षित देश लाने की सरकार से अपील की। पूर्व प्रधान भौमेश स्वर्णकार ने कहा कि भारत सरकार की लापरवाही का परिणाम है नीरज की मौत। संत गाडगे सेवक कमलेश चौधरी ने कहा कि नीरज के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाय। पूर्व डीजीसी ओ पी यादव ने कहा कि मोदी सरकार की संवेदनहीनता के कारण देश के बीस हजार छात्रों को मानसिक, आर्थिक व शारीरिक यातनायें सहनी पड़ी।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 मार्च को
रायबरेली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार व मा. अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, अब्दुल शाहिद के दिशा-निर्देशन में 12 मार्च 2022 को दीवानी न्यायालय, रायबरेली में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु पराविधिक स्वयं सेवकों द्वारा डोर टू डोर पैम्फलेट, स्टीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए नगर पालिका की कूड़ा/कचरा उठाने वाली गाड़ियों में लगे ध्वनि यंत्र के माध्यम से लोक अदालत से सम्बन्धित आडियो क्लिप बजवाकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुमित कुमार द्वारा बताया गया कि जनपद के समस्त वादकारियों एवं अधिवक्ता गणों से अनुरोध है कि 12 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण करावे। साथ ही ऐसे वाद जो अभी तक न्यायालय में दाखिल नहीं किये गये है, उनको प्री-लिटिगेशन स्तर पर निस्तारित कराये। इसके अतिरिक्त ई-चालान व चेक बाउंस के मामलों का सरल व सहज तरीके से लोक अदालत में निस्तारण कराया जा सकता है। राष्ट्रीय लोक अदालत के सम्बन्ध में अधिक जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में उपस्थित होकर प्राप्त की जा सकती है।
Jansaamna