Monday, May 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सरवर गंगा नदी को पुनर्जीवित करने की आवश्यकताः मुख्य सचिव

सरवर गंगा नदी को पुनर्जीवित करने की आवश्यकताः मुख्य सचिव

लखनऊ। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत-सिरगामऊ, विकास खण्ड-काकोरी में निर्मित सरवर गंगा सरोवर का लोकार्पण एवं अमृत वाटिका में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलायी।
अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें देते हुये कहा कि आज उन तमाम सारे वीरों और शहीदों को स्मरण करने और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, ताकि हम लोग आजाद देश के नागरिक बन सकें। अंग्रेजों की हुकूमत में कई सारी पाबंदियां और अशिक्षा, बेरोजगारी सहित तमाम सारी कठिनाईयां थीं। उनके बलिदान के कारण ही आज हम वह सब कर सकते हैं, जो सोचते हैं।
उन्होंने कहा कि विगत 76 वर्षों में भारत ने बहुत कुछ विकास किया और हासिल किया है। पिछले 9 वर्षों में विकास की रफ्तार और तेज हो गई है। प्रधानमंत्री जी ने 15 अगस्त, 2022 को लाल किले के प्राचीर से आगामी 25 वर्षों में भारत को विकसित और आत्म निर्भर देश बनाने का संकल्प लिया है। 15 अगस्त, 2047 में जब हम आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनायेंगे तो हमारा देश विकसित देश होगा।उन्होंने कहा कि विगत 9 वर्षों में देश में परिवर्तन की लहर आयी है। लोगों में विश्वास जगा है कि निश्चित रूप से आगामी 25 वर्षों के भीतर भारत विकसित देश बनेगा। भारत को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने के लिये मा0 प्रधानमंत्री जी ने पंच प्रण का मंत्र लोगों को दिया, इसे हर नागरिक को आत्मसात करना चाहिये। भारत के 140 करोड़ नागरिकों की ऊर्जा भारत को विकसित बनाने के लिये लग जायेगी, तो पूरी सृष्टि और ईश्वर की शक्ति भी हमारे साथ होगी।
उन्होंने कहा कि आज महिलायें आर्मी, एयर, पैरामिलिट्री, पुलिस फोर्स सहित अंतरिक्ष, समुद्र सहित हर क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं हैं। समाज के हर वर्ग को एकजुटता प्रदर्शित करते हुये देश को आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिये और अपने कर्तव्य के प्रति सजग रहना चाहिये। देश के हर नागरिक छोटे से लेकर बड़े तक सभी को अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की तरह मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रदेश के गांव और शहर में तेजी से विकास हो रहा है। पहले उ0प्र0 बीमारू राज्य की श्रेणी में आता था, लेकिन आज प्रदेश को प्रदेश का नागरिक होने पर गर्व की अनुभूति हो रही है।
उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से पूरे देश में अमृत सरोवर बनाये जा रहे हैं। देश के 40 प्रतिशत अमृत सरोवर उत्तर प्रदेश में हैं। कई नदियां व तालाब जो समय के साथ विलुप्त हो गए थे, उन्हें पुनर्जीवित कराया गया।
उन्होंने कहा कि सरोवर के समीप नदी के रूप में प्रवाहित होने वाली सरवर गंगा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से ग्राम में स्थित सरवर गंगा का ड्रोन सर्वे कराकर जलस्रोत का पता लगाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि जल स्रोत का पता लगाकर इसे पुनर्जीवित किया जाये, ताकि यहां पर स्थित मन्दिर में आने वाले श्रद्धालु स्नान व ध्यान कर सकें।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली विभीषिकाओं से बचने के लिये वृक्षारोपण जरूरी है। मा0 मुख्यमंत्री जी ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा है। 30 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण 22 जुलाई को किया चुका है और 5 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण आज हो जायेगा।
उन्होंने बताया कि आज उनके द्वारा अमृत वाटिका में हरिशंकरी पौधों का रोपण किया गया है। पीपल, बरगद और पाकड़ के सम्मिलित रोपण को हरिशंकर कहते हैं। पीपल को भगवान विष्णु, बरगद को भगवान शंकर व पाकड़ को ब्रह्मा को प्रतीक कहा जाता है। पेड़ो के अनेक महत्व हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वह अपने घर में एक-एक पौधा अवश्य रोपित करें। पेड़ लगायें और उनकी रक्षा भी करें। इसी प्रकार जल को भी संरक्षित करेंगे, तभी हम जीवित रहेंगे।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ रिया केजरीवाल, जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारीगण, ग्राम प्रधान सुनीता व बड़ी संख्या में ग्राम के निवासीगण आदि उपस्थित थे।