Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आलाधिकारियों ने सुनीं जनता की शिकायतें

आलाधिकारियों ने सुनीं जनता की शिकायतें

रायबरेली, जन सामना संवाददाता। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने तहसील सलोन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के सामने बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा, पेंशन और भूमि विवाद से संबंधित मामले आए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच कर समस्या का निस्तारण करें। भूमि संबंधी वादों में दोनों पक्षों की बातें अवश्य सुनी जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने भी पुलिस विभाग से संबंधित लोगों की समस्याएं सुनीं। तहसील दिवस में राजस्व के 82, पुलिस विभाग के 17, विद्युत विभाग के 9 विकास के पांच, नगर पंचायत के 4, समाज कल्याण के दो, पूर्ति विभाग के दो और लोक निर्माण विभाग के एक मामले आए। कुल 122 मामले आए, जिनमें से 11 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम सलोन, क्षेत्राधिकारी सलोन वंदना सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा विधायक सलोन अशोक कोरी भी उपस्थित रहे।