Thursday, September 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सुहागनगरी में धूमधाम मनाया गया दीपावली का पर्व

सुहागनगरी में धूमधाम मनाया गया दीपावली का पर्व

फिरोजाबाद। सुहागनगरी में दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। देर रात्रि तक आसमान में आतिशबाजी की गूंज सुनाई देती रही। घर-घर में भगवान गणेश और लक्ष्मी जी की पूजा अर्चना की गई। वही नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस फोर्स तैनात रहा।
धनतेरस के साथ ही शुरू हुए दीपावली महोत्सव में रविवार देर रात्रि तक पटाखे फोड़े गए। सुबह से ही घरों में साफ-सफाई के साथ ही साज सज्जा का कार्यक्रम चलता रहा। बाजार में मिठाई, फूल और सोने चांदी की दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रही। शाम को घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना की गई। उसके बाद बच्चों के अलावा महिलाओं और पुरुषों ने भी पटाखे फोड़ कर दीपावली का जश्न मनाया। झिल मिलाती रंग बिरंगी विद्युत झालरों के बीच पूरा शहर जगमगा रहा था। आसमान में रंग बिरंगी रोशनी दीपावली के जश्न में चार चांद लग रही थी। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों ने एक दूसरे को इस त्यौहार की बधाई दी। असामाजिक तत्वों के द्वारा त्यौहार की शांति में किसी प्रकार का कोई व्यवधान न डाल सके इसे लेकर जगह-जगह पुलिस फोर्स भी लगाया गया था। लोगों ने अपने परिवार सहित इस त्यौहार को मनाया। देवी के मंदिरों पर पूजा अर्चना करने के लिए भी श्रद्धालु पहुंचे। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि जिले भर में शांति प्रिय तरीके से दीपावली का पर्व मनाया गया है। कहीं भी किसी प्रकार की कोई हिंसा की सूचना नहीं मिली है।