Wednesday, September 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मध्य प्रदेश चुनाव में आएंगे अच्छे परिणाम, भाजपा की होगी हार-शिवपाल यादव

मध्य प्रदेश चुनाव में आएंगे अच्छे परिणाम, भाजपा की होगी हार-शिवपाल यादव

-आगामी लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद से अक्षय यादव की होगी जीत
फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। गुरुवार को एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए।
एमपी में हो रहे चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि अच्छे रिजल्ट आएंगे। भारतीय जनता पार्टी हारेगी। क्रिकेट वर्ल्ड कप में हारने के बाद राहुल गांधी द्वारा पनोती शब्द का प्रयोग करने पर कहा कि सब जानते हैं कि भाजपा के प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री स्वयं सारा श्रेय लेना चाहते हैं। हर चीज को अपने काबू में करना चाहते हैं, फिर उन्हें इसके लिए ईडी, मीडिया का ही सहारा क्यों न लेना पड़े। खेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मथुरा भ्रमण के सवाल पर कहा कि वह प्रधानमंत्री हैं। जहां चाहें वहां घूम सकते हैं। लेकिन मैं इतना बता देना चाहता हूं कि चाहे दिल्ली की सरकार हो, चाहे उत्तर प्रदेश की सरकार इन्होंने दस साल में देश के लिए कोई भी अच्छा काम नहीं किया है। आप एक काम बता दो चाहे नौकरी के लिए, रोजगार के लिए, किसानों के लिए या व्यापारियों के लिए किया हो। मंदिर, मस्जिद, हिंदू और मुस्लिम करते हैं। भ्रष्टाचार और महंगाई पर बात नहीं करते। महंगाई लगातार बढ़ रही है। बिजली से लेकर हर चीज महंगी हो गई है। प्रदेश की जनता थाने वालों से परेशान है। हर ओर भ्रष्टाचार है। इंडिया गठबंधन बिखरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आपको कैसे मालूम यह गठबंधन 2024 के लिए है। अभी तो समय है देखिए हम लोग चाहते हैं गठबंधन मजबूत हो और भारतीय जनता पार्टी को हटाएं। इसमें जिम्मेदारी कांग्रेस की है। वह बड़ी और राष्ट्रीय पार्टी है तो उसको चाहिए सबको इकट्ठा करके भारतीय जनता पार्टी को हटाए। प्रधानमंत्री के चेहरे पर बोले कि बहुत से लोग हैं इसके लिए आप लोगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। 2024 के चुनाव को लेकर कितनी तैयारी है के सवाल पर कहा कि सपा पूरी तरह तैयार है। यह हमारा राष्ट्रीय नेतृत्व तय कर लेगा। फिरोजाबाद से चुनाव लड़ने के सवाल पर बोले कि मैं अभी विधायक हूं और इसमें मेरे अभी तीन साल बाकी हैं। यहां से अक्षय चुनाव जीतेंगे। बाकी जहां राष्ट्रीय पार्टी का फैसला होगा वहां से चुनाव लड़ेंगे।