Tuesday, July 9, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उ प्र की तरह राजस्थान में भी होगा ब्रज विकास बोर्ड का गठन

उ प्र की तरह राजस्थान में भी होगा ब्रज विकास बोर्ड का गठन

मथुरा: संवाददाता। राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म दो दिवसीय धार्मिक यात्रा पर गोवर्धन पहुंचे। गिरिराज दर्शन कर मन्नत मांगी। गुरुकृपा गार्डन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुकुट पहनाकर स्वागत किया। राधाकुंड में गुर्जर आश्रम में संतों का आशीर्वाद लिया। पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान में जंगल राज था, अब राजस्थान में अपराधी सलाखों के पीछे भेजे जा रहे हैं। साथ ही यूपी की तर्ज पर ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के विकास के लिए राजस्थान ब्रज विकास बोर्ड का गठन किया जाएगा। गुरुकृपा गार्डन में रात्रि प्रवास किया। मंगलवार प्रातः गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर दर्शन किए।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि महादेव शर्मा, उद्योगपति महावीर शर्मा, दलवीर सिंह दरोगा, गणेश पहलवान आदि ने गृह राज्य मंत्री का पटुका ओढ़ाकर एवं मुकुट पहनाकर स्वागत किया। इसके उपरांत मंत्री जवाहर सिंह ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि राजस्थान की जनता ने राजस्थान में भाजपा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में जंगलराज कायम था, मंदिर तोड़े जा रहे थे, गो तस्करी और ऑन लाइन ठगी की वारदात आम हो गई थीं, राजस्थान में आईएएस, आईपीएस अधिकारी साइबर ठगी के शिकार होते थे, भाजपा सरकार बनते ही स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। संगठित अपराधियों को संरक्षण देने वाले कर्मचारियों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यूपी की तर्ज पर ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए राजस्थान ब्रज विकास बोर्ड का गठन किया जाएगा। श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा पर बोलते हुए कहा राम सबके के हैं, सबके रहेंगे, बद्दूदीन अजमल जैसे लोग अमासिक रोगी हैं, देश के तमाम मुसलमान राम प्रभु के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद गृह राज्य मंत्री राजस्थान के लिए प्रस्थान कर गए।
मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, सियाराम शर्मा, हरवान सिंह, प्रदीप, विजय गोयल, राजेंद्र शर्मा, कंचन फौजदार, अश्वनी शर्मा, पिंटू शर्मा, गौतम सिंह, प्रदीप शर्मा, हरिओम शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा आदि उपस्थित थे।