Sunday, May 5, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी के साथ आएंगी प्रियंका गांधी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी के साथ आएंगी प्रियंका गांधी

हाथरस। कांग्रेस सांसद एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ 25 फरवरी को सुबह 10 बजे हाथरस आ रहे हैं और भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह व जोश है और कांग्रेसी तैयारियों में लगे हुए हैं। उक्त संबंध में जानकारी देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने बताया है कि हाथरस सीमा पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर उनके साथ आ रही हैं। अपने दोनों नेताओं के हाथरस आगमन की तैयारी को लेकर प्रदेश सचिव प्रभारी प्रकाशनिधि गर्ग एवं जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने जनपद का तूफानी दौरा किया और जनपद के कांग्रेसीजनों काआवाह्नन किया कि अधिक से अधिक संख्या में अपने साथ किसान, व्यापारी और आम जनमानस को साथ लेकर हाथरस जनपद के निर्धारित तीन स्थलों जिसमें शहीद पार्क बस स्टैंड सासनी, शहीद भगत सिंह पार्क आगरा रोड हाथरस तथा चौधरी चरण सिंह पार्क सादाबाद पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे। कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रभारी तौकीर आलम ने बताया कि 25 फरवरी को सुबह 10 बजे हाथरस बॉर्डर पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी प्रवेश करेंगे। सुबह 10ः30 बजे सासनी के स्थल पर पहुंचेंगे। 11 बजे हाथरस के स्थल पर एवं 11ः30 बजे सादाबाद के स्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी देश के प्रत्येक नागरिक की लड़ाई लड़ रहे हैं और इस तानाशाह सरकार के सामने जनता के हित के लिए खड़े हैं। इसलिए जनपद के प्रत्येक जनमानस का नैतिक दायित्व बनता है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हाथों को मजबूत करें और अधिक से अधिक संख्या में जनपद के तीनों स्थलों पर पहुंचे। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा पुलिस प्रशासन के साथ भी यात्रा के रूट पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर तमाम कांग्रेसी मौजूद थे।