Monday, May 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » समरस समाज की परिकल्पना को साकार कर रही भाजपाः दुष्यंत गौतम

समरस समाज की परिकल्पना को साकार कर रही भाजपाः दुष्यंत गौतम

मथुरा: जन सामना संवाददाता। एक नए भारत का निर्माण हो रहा है। एक ऐसा भारत तैयार हो रहा है जिस में जाति, धर्म, परिवारवाद से ऊपर उठकर सबका साथ, सबका विकास के तहत सर्व समाज को जोड़ने का काम किया जा रहा है। यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम ने सोमवार को भाजपा महानगर द्वारा आयोजित अनुसूचित वर्ग समागम में कहीं। धौली प्याऊ मंडल की बुद्ध विहार कॉलोनी में आयोजित समागम का शुभारंभ राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने संयुक्त रूप से किया।
समागम में राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के समरस समाज की परिकल्पना को साकार करने का काम रही है। समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक राशन का लाभ पहुंचता रहे इसकी चिंता प्रधानमंत्री ने की है। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा से पहले कानून व्यवस्था चौपट थी और प्रदेश में जंगल राज था। कोई यात्रा नहीं निकल सकती थी ओर त्योहार सही तरीके से नहीं मनाए जाते थे। उपद्रव किया जाता था। प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद अनुसूचित वर्ग को सुरक्षा और सम्मान देने का काम किया गया है। भाजपा महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने बताया कि अनुसूचित समाज के करीब एक हजार लोग प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं जिनका स्वागत किया गया है।
समागम में संयोजक अशोक जाटव, वरिष्ठ नेता संजय शर्मा, भरत राजपूत, मंडल अध्यक्ष राम रतन चौधरी, बलराम शर्मा, नेत्रपाल चौधरी, प्रदीप गोस्वामी आदि मौजूद रहे।