Thursday, May 2, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शक्ति रथ पर सवार होकर जयंत चौधरी हुए अपने दादा की कर्मभूमि के लोगों से रूबरू

शक्ति रथ पर सवार होकर जयंत चौधरी हुए अपने दादा की कर्मभूमि के लोगों से रूबरू

बागपत। देश में हो रहे लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गठबंधन में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को उत्तर प्रदेश में मिली दो सीटों में से अपनी पुस्तैनी सीट बागपत को वापस पाने के लिए रालोद मुखिया जयंत चौधरी पूरे जी जान से जुट गए है। वे इस सीट को हरसंभव गठबंधन के साथ ही अपनी झोली में चाहते हैं। यही वजह है कि गुरुवार को जयंत चौधरी अपने दादा व देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि छपरौली से शक्ति रथ पर सवार होकर अपने मतदाताओं व जनता से रूबरू होने निकले हैं।
दरअसल, लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन होने के बाद राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी के सामने कई चुनौतियां आ खड़ी हुई है। पहली चुनौती तो उनके सामने भाजपा हाई कमान के सम्मुख वेस्ट यूपी में राष्ट्रीय लोकदल के वर्चस्व को बरकरार रखना है तो दूसरी चुनौती में उनको अपनी खोई हुई पुश्तैनी बागपत लोकसभा सीट को वापस भी लाना है। शायद यही वजह है की जयंत चौधरी इस सीट को पाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं और वे इसमें कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहते है। छपरौली से शुरू हुए शक्ति रथ पर सवार होकर वह गांव-गांव में जाएंगे और पुश्तैनी सीट वापसी के लिए नुक्कड़ व जनसभा के माध्यम से लोगों से अपील भी करेंगे।
अपनी पुश्तैनी सीट बागपत को वापस लेने के लिए अपनी पूरी ताकत के साथ रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह अपने पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करने के साथ साथ खुद भी मैदान में उतर गए है। अब वे बागपत लोकसभा क्षेत्र को मथने के लिए शक्ति रथ यात्रा निकालेंगे और रैली भी करेंगे।
याद दिला दे, यहां के लोगों का चौधरी चरण सिंह परिवार से व जयंत चौधरी का छपरौली सीट से संयुक्त भावानात्मक रिश्ता है। दरअसल, छपरौली वह विधानसभा सीट है, जिससे चौधरी चरण सिंह प्रथम बार वर्ष 1937 में विधायक बने थे। उसके बाद से वह सांसद बनने तक लगातार इसी विधानसभा से जीत दर्ज कराते रहे। इसी वजह से छपरौली को चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि कहा जाता है और उनके परिवार का छपरौली से भावनात्मक रिश्ता जुड़ा हुआ है। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव सुखबीर सिंह गठीना व मीडिया प्रभारी राजू तोमर सिरसली ने बताया कि विधान सभा व बागपत लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए जब भी कोई अभियान शुरू होता है तो वह छपरौली से ही शुरू किया जाता है और मतदान से दो दिन पूर्व बड़ौत नगर में विशाल जनसभा के साथ समाप्त होता है। इस बार भी बागपत लोकसभा में शक्ति रथ यात्रा की शुरूआत छपरौली से की गई है। मीडिया प्रभारी राजू तोमर सिरसली ने बताया कि गुरूवार को चौधरी जयंत सिंह ने छपरौली विधान सभा क्षेत्र से रोड शो शुरू किया जो नंगला सिनौली, छपरौली, कुर्डी, तुगाना, लूंब, किरठल, रमाला, किशनपुर बराल, बावली होते हुए शाम को पार्टी कार्यालय बड़ौत नगर में आकर समाप्त हुआ। उन्होंने बताया, इसके बाद छपरौली विधान सभा क्षेत्र के ही दाहा गांव से रथ यात्रा की शुरुआत की जाएगी।