Thursday, May 16, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगाः अखिलेश यादव

इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगाः अखिलेश यादव

सिकंदराराऊ। बीजेपी को यूपी में सात वर्ष और 10 साल दिल्ली के मिलाकर 17 साल का हिसाब जनता को देना होगा। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी नहीं की। आए दिन यूपी में पेपर लीक हो रहे हैं। जब नौकरी देनी ही नहीं है तो पेपर लीक तो होंगे। इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। नौजवानों के लिए 30 लाख भर्ती निकाली जाएगी। बहनों के लिए रोजगार की व्यवस्था होगी। भाजपा सरकार राशन में खराब अनाज दे रही है और किसान महंगाई से परेशान हैं। भाजपा की सरकार फिर से बनी तो पुलिस की नौकरी भी 3 साल की रह जाएगी। उक्त बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नगर पालिका क्रीड़ा स्थल में सपा प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में हाथरस सीट पर मतदान होना है। सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव सपा प्रत्याशी जसवीर बाल्मीकि के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने हाथरस की सिकंदराराऊ विधानसभा में पहुंचे। अखिलेश यादव ने कहा कि अब जनता मन की बात नहीं सुनना चाहती। अब संविधान की बात सुनना चाहती है। बाबा साहब ने जो एक वोट डालने का अधिकार दिया, उसको भी छीनना चाहती है भाजपा। उन्होंने कहा कि किसान की आय दोगनी नहीं हुई, नौजवानों को नौकरी नहीं दी, अब तो भाषा बदल गई है। यह भाषा हारने वालों की होती है। पिछड़ा, दलित आदिवासियों का सम्मान उन्होंने छीन लिया, जो संविधान उनको अधिकार देता है, उसको भाजपा छीनने की बात कर रही है। भाजपा ने संविधान से छेड़खानी करने का मन बना लिया है। यह संविधान बदलेंगे और एक वोट डालने का अधिकार भी छीन जाएगा। समाजवादी पार्टी, पीडीए और इंडिया की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि बूलगढी कांड में पीड़ित परिवार को आज तक न्याय नहीं मिला। अपमान झेलना पड़ा। इसका जवाब लोकसभा चुनाव में जनता मांगेगी। इस क्षेत्र के एक दम्पति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। अभी तक दोषी नहीं पकड़े गए हैं। पीड़ित लोगों पर ही झूठे मुकदमे लगा दिए गए हैं। हमारी सरकार बनने पर पीड़ित लोगों को न्याय दिलाया जाएगा। भाजपा सरकार नौजवानों को नौकरी देने का वायदा पूरा करने में नाकाम रही है। बेरोजगार नौजवान दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक अमर सिंह यादव, लक्ष्मी धनगर, बनी सिंह बघेल, ललित बघेल, देवेंद्र अग्रवाल, रामेश्वर पहलवान, जसवंत सिंह यादव, ओमवती यादव, संजीव यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, इकराम कुरेशी, युवराज सिंह यादव, निखिलवर्ती पाठक, नावेद खान, सुमंत किशोर सिंह, देवेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।