Tuesday, June 18, 2024
Home » मुख्य समाचार » पुलिसिया उत्पीड़न का आरोप लगा व्यापारियों ने किया बाजार बंद

पुलिसिया उत्पीड़न का आरोप लगा व्यापारियों ने किया बाजार बंद

मथुरा। मथुरा में श्री कृष्ण जन्म स्थान क्षेत्र के व्यापारियों ने मंगलवार को बैठक की और बैठक में बाजार बंद करने का निर्णय लिया गया। व्यापारियों का आरोप है कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में कारोबार करना उनके लिए आसान नहीं रह गया है। दरअसल श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्था चाक चौबंद रहती है। यहां आने वाले लोगों पर सुरक्षाकर्मियों की पैनी नजर रहती है। कई बार श्रद्धालुओं को भी सुरक्षा की दृष्टि से कड़ी चेकिंग से गुजरना होता है। जबकि स्थानीय व्यापारी इस सब में छूट चाहते हैं। यहां कारोबार करने वाले लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें परेशान करते हैं। कृष्ण जन्म स्थान व्यवसाई समिति के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के अनुसार पुलिस प्रशासन अपनी मनमानी और हाठधर्मिता के कारण आम मार्ग को बंद कर व्यापारियों एवं स्थानीय निवासियों के उत्पीड़न पर आमादा है। प्रशासन द्वारा वाहन पास के नवीनीकरण में मनमाना रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने बताया इसके अलावा कई बार पुलिसकर्मियों द्वारा बैरियर पर चेकिंग के दौरान व्यापारियों से अभद्रता की जाती है। इस संबंध में कई बार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया पर उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया। तीन दिन पूर्व स्थानीय व्यापारियों ने मीटिंग कर अवगत करा दिया था की उनकी मांगे नहीं मानी गयी तो मंगलवार से समूचा बाजार बंद कर दिया जायेगा। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं की वरन समिति के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल को हड़का दिया जिसने आग में घी डालने का काम किया। मिलन भाटिया ने आक्रोश जाहिर करते हुए कहा है कि व्यापारी तबके का योगी सरकार में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।