Monday, June 10, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रियंका गांधी ने ऊंचाहार विधानसभा के गांव-गांव में नुक्कड़ सभाएं कर मांगा समर्थन

प्रियंका गांधी ने ऊंचाहार विधानसभा के गांव-गांव में नुक्कड़ सभाएं कर मांगा समर्थन

पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जिले की विधानसभा ऊंचाहार में उमरन , बड़ा गांव, अकोढीया, ऊंचाहार नगर के रामलीला मैदान सहित अन्य कई जगहों पर जनसभाओं को संबोधित किया और नुक्कड़ सभाएं की। पंडित मोतीलाल नेहरू और जवाहरलाल नेहरू जी के समय रायबरेली और अमेठी से कांग्रेस का सेवा और संघर्ष का एक रिश्ता जुड़ा था। तबसे आजतक यह कायम है। पीढ़ियों पुराने इस रिश्ते को हम सबने मिलकर निभाया है, संवारा है और संजोया है।
यहां के गांव, शहर, सड़कें, खेत और यहां के लाखों लोग- अपने में तमाम यादें समेटे हुए हैं। किसी भी इलाके से गुजरते हुए अचानक याद आता है कि यहां तो उस बरस आई थी पिता के साथ, मां के साथ या भाई के साथ किसी बुजुर्ग से मिलते हुए पिता याद आ जाते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव और राजनीति अपनी जगह है, आप सभी से सेवा-समर्पण और स्नेह का रिश्ता हमेशा मजबूत रहेगा।
प्रियंका गांधी ने उमरन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल धर्म की राजनीति करना जानती है, काम की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि यहां भाजपा के प्रत्याशी प्रधानों और कोटेदारों को धमकाने का काम करते हैं। जमीन हड़प लेते हैं। आज मोदी सरकार जो राशन गरीबों में बांट रही है, उसके लिए कानून कांग्रेस की सरकार ने बनाया था और यह मोदी की मजबूरी बन गई है कि वह आप सबको हर महीने राशन उपलब्ध कराएं। इसी तरह शिक्षा और मनरेगा पर भी गरीबों का अधिकार है और उन्हें अच्छा और मनरेगा में कार्य मिलना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ऊंचाहार नगर में उपस्थित जनसमूह से कहा कि आज पूरे देश की महिलाएं एक ही बात कह रही हैं कि महंगाई से जीवन दुश्वार हो गया है। घर चलाना मुश्किल है। गृहस्थी की हर चीज पहुंच से बाहर हो चुकी है। 400 रु. का सिलेंडर आज 1200 रु. का मिल रहा है। तेल, दाल, आटा, चीनी, चावल, सब्जी- सब हद से ज्यादा महंगा है। बच्चों की पढ़ाई-दवाई का खर्च उठाना भारी पड़ रहा है।
आज जनता हिसाब मांग रही है और प्रधानमंत्री जी जवाब देने की जगह इधर-उधर की बातें करके ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन देशवासी सब समझ चुके हैं। काठ ही हांड़ी बार-बार नहीं चढ़ती। इस बार जनता अपने मुद्दों पर वोट करेगी और ऐसी सरकार बनाएगी जो सिर्फ खरबपतियों के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के प्रति समर्पित हो।
इस दौरान पूर्व प्रत्याशी विधानसभा ऊंचाहार अतुल सिंह, पूर्व विधायक अजय पाल सिंह उर्फ मुन्ना भैया,जिला पंचायत सदस्य राकेश राना, ब्लॉक अध्यक्ष दलबहादुर सिंह,राम अवधेश तिवारी मनीरमपुर, शाजू नकवी, इरफान मेंहदी सहित भारी संख्या में महिलाएं व समाजवादी और कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।