Sunday, June 23, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मुठभेड़ : सुबह पकड़ा, दोपहर में भागा, रात में ढेर

मुठभेड़ : सुबह पकड़ा, दोपहर में भागा, रात में ढेर

मथुरा। सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। दोनों पैरों में गोली लगी। ऑपरेशन से पहले ही पुलिस को चकमा देकर वह भाग निकला। रात को पुलिस की एक बार फिर मुठभेड़ हुई और महिला के साथ बलात्कार और लूट के आरोपी मनोज को पुलिस ने मार गिराया। 17 घंटे में बेहद तेजी से घटनाक्रम के दौरान दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज हुई। घायल अवस्था में बदमाश को एक बार फिर अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह शेरगढ़ क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की और सात राउंड फायरिंग हुई। फिर बदमाश खेत की तरफ भाग निकला। पुलिस ने बदमाश को दौड़ाकर गोली मारी। पुलिस के साथ हुई पहली मुठभेड़ के समय पुलिस मुठभेड़ में मारे गये 29 वर्षीय मनोज उर्फ उत्तम पुत्र चन्द्रभान निवासी ग्राम मई थाना शेरगढ़ जिला मथुरा पर 25 हजार का इनाम था। पुलिस कस्टडी से भागने पर इनाम 50 हजार कर दिया गया था। थाना क्षेत्र शेरगढ़ में दलौता से सेई रोड पर लौह लारी माता मंदिर तिराहा से करीब 200 मीटर अगरयाला की तरफ बंबा की पटरी पर शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसके पास से एक पिस्टल .32 बोर कन्ट्री मेड मय मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस 32 बोर, सात खोखा कारतूस 32 बोर और एक मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस बिना नंबर प्लेट की बरामद हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गयी थीं। जनपद मथुरा में तथा पूरे आगरा जोन में पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की गई। पुलिस महानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र आगरा द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जिला अस्पताल से फरार हुआ 50 हजार का शातिर अपराधी मनोज मुठभेड़ में मारा गया है। शेरगढ़ क्षेत्र में उनके साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद सीएचसी पर ले जाया गया जहां मृत घोषित किया गया। यह शातिर किस्म का अपराधी था। इसके खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। इसकी गिरफ्तार के लिए कई टीमें लगाई गई थी।
-शैलेश पांडेय, एसएसपी मथुरा