Monday, June 24, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गांधी परिवार की दोनों परम्परागत सीट पर कांग्रेस की बम्पर जीत

गांधी परिवार की दोनों परम्परागत सीट पर कांग्रेस की बम्पर जीत

अमेठी/रायबरेली। लोक सभा चुनाव 2024 के अंतिम सातवां चरण का मतदान 01 जून को समाप्त हो गया और 4 जून को लोकसभा चुनाव 2024 की वोटों की गिनती (मतगणना) शुरू हुई, जिसमें मतगणना के शुरुआत से ही रुझान में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश भर में इंडिया गठबंधन की बढ़त देखने को मिली है। वहीं इंडिया गठबंधन की गांधी परिवार की दोनों परम्परागत सीट रायबरेली और अमेठी जो कि इस चुनाव में दांव पर लग चुकी थी उस पर दोपहर से ही काफी ज्यादा बढ़त देखने को मिली।
2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी की हार हुई, परंतु वह अपनी दूसरी सीट केरल में वायनाड से जीत गए थे। वहीं 2024 के इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी को पार्टी अमेठी नही बल्कि रायबरेली लोकसभा 36 क्षेत्र से मैदान में उतारा चूंकि रायबरेली की पूर्व सांसद सोनिया गांधी राज्यसभा सदस्य नियुक्त हो चुकी थी जिसके चलते सोनिया गांधी ने अपनी यह सीट राहुल गांधी को पारिवारिक जिम्मेदारी कहकर सौंप दी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के सामने उतारा। किशोरी लाल शर्मा पिछले करीब 40 वर्षों से स्व. राजीव गांधी, स्व. इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के साथ अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस पार्टी के लिए पर्दे के पीछे रहकर चुनाव का कैंपेन और जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
रायबरेली में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी 3 लाख 90 हजार 30 वोटों से जीत गए। सुबह से शाम तक की मतगणना में कांग्रेस हर राउंड में भाजपा को पीछे छोड़ रही थी और आखिर जीत का अंतर 4लाख के करीब पहुंच गया। आखिरी नतीजे में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी को 687649 मत मिले और भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह को 297619 मत मिले। बसपा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद को 21624 मत, दिलीप सिंह अखिल भारतीय पार्टी को 8678 मत, मो. मोबीन अपना दल को 2174 मत, हिंद रोहिताश मानवतावादी को 3859 मत, सुदर्शन राम भारतीय पंचशील पार्टी को 4345 मत, होरीलाल निर्दलीय को 5399 मत, वहीं नोटा को भरपूर 7872 मत मिले। इस प्रकार लोकसभा संसदीय क्षेत्र 36 रायबरेली में मतदाताओं द्वारा कुल 1039219 मत डाले गए। जीत का अंतर 3 लाख 90 हजार 30 मत का रहा।
अमेठी से जीते किशोरी, स्मृति की हुई हार-
लोकसभा चुनाव 2024 के शुरआती दौर में प्रत्याशी की घोषणा को लेकर कांग्रेसियों में मायूसी थी, लेकिन जैसे ही सोनिया गांधी ने रायबरेली में अपनी सीट राहुल गांधी को सौंप दी, वैसे ही कांग्रेस पार्टी ने अमेठी की पारंपरिक पर किशोरी लाल शर्मा को गांधी परिवार का सदस्य बताते हुए उम्मीदवार घोषित कर दिया। कम समय में किशोरी लाल शर्मा ने अमेठी लोकसभा सीट पर जनता के विश्वास को जुटाया और रिकार्ड मतों से जीत हासिल की हालांकि किशोरी लाल ने इस जीत का श्रेय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और अमेठी की जनता को दिया।
बता दें कि अमेठी लोकसभा 37 में कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा को 1 लाख 66 हजार 22 वोटो से आगे हुए। जिसमें कांग्रेस से के एल शर्मा को 5,36,492 वोट और भाजपा से स्मृति ईरानी को 3,70,470 वोट मिले।
भाजपा प्रत्याशी ने मतगणना पूरी होने से पहले ही स्वीकार ली हार-
रायबरेली लोकसभा क्षेत्र की मतगणना शहर के गोरा बाजार स्थित आईटीआई परिसर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर की देख रुख में हुई। वहीं मतगणना के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी को रुझान में मिलती भारी बढ़त को देखकर भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट की। पोस्ट को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि मानो उन्होंने मतगणना पूरी होने से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। रायबरेली से भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह ने अपने फेसबुक वॉल पर जनता का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि कर्तव्य पथ पर जो मिला….मैने रायबरेली की देवतुल्य जनता की विनम्रता के साथ खूब परिश्रम करके सेवा की फिर भी मुझसे अपनी सेवाओं के दौरान मन वचन कर्म से कोई त्रुटि रह गई हो या किसी को पीड़ा पहुंची हो तो हम रायबरेली वासियों से क्षमा प्रार्थी है।
अपने उन तमाम शुभ चिंतकों पार्टी जनों का हृदय से धन्यवाद देता हूं जिन्होंने अथक परिश्रम किया चुनाव खूब अच्छा लडा लेकिन निर्णय हमारे आपके हाथ में नही था। जनता भगवान का स्वरूप होती है उसका जो भी आदेश होगा सदैव सिर माथे पर रहेगा।
रायबरेली वासियों फिर भी भरोसा रखो यह रायबरेली का आपके परिवार का भाई सदैव तुम्हारे हर सुख दुख में साथ ही रहेगा।
यूपी की जनता ने कमाल कर दिया : राहुल
वहीं जीत सुनिश्चित होने के बाद कांग्रेस पार्टी द्वारा मुख्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। जिसमें कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत की जनता ने आज संविधान और लोकतंत्र को बचा लिया है। देश की वंचित और गरीब आबादी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए INDIA के साथ खड़ी हो गयी। यूपी की जनता ने तो कमाल कर दिया है। रायबरेली और वायनाड के मतदाताओं का दिल से धन्यवाद करता हूं।
वहीं वीडियो जारी करते हुए राहुल गांधी ने बेशुमार मोहब्बत देने के लिए वायनाड और रायबरेली की जनता का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि अगर मेरे बस में होता, तो मैं दोनों ही जगह का सांसद बने रहना पसंद करता। कौन सी सीट छोड़नी या किस सीट पर बने रहना है इसका पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।