Tuesday, July 2, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वार्ड नं. 47 में विकास कार्य न होने पर पार्षद ने धरने पर बैठने की चेतावनी

वार्ड नं. 47 में विकास कार्य न होने पर पार्षद ने धरने पर बैठने की चेतावनी

फिरोजाबाद। बरसात का मौसम है। रिमझिम बारिश हो रही है। हालांकि अभी तेज बारिश नहीं हुई है। यदि तेज बारिश हुई तो शहर का आधा हिस्सा जलमग्न हो जाएगा। जलभराव के पीछे सड़कें कच्ची और नालियां न होना है। पार्षद चुनने के बाद भी वह अपने वार्ड में काम नहीं करा पा रहे हैं। अब शहर के एक पार्षद ने काम न होने पर 15 जुलाई से धरने पर बैठने की चेतावनी दे दी है। नगर​ निगम क्षेत्र का वार्ड नंबर 47 दुर्गेश नगर, जहां विकास कार्य न होने से मुहल्लेवासियों के साथ ही पार्षद भी दुखी हैं। इस वार्ड में कच्ची गलियां हैं। जल निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। रास्तों और प्लाटों में गंदा पानी भरा हुआ है। जरा सी बारिश होने पर पूरा मुहल्ला ताल तलैया बन जाता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। वार्ड के पार्षद लाला राइन गांधी ने बताया कि वार्ड और आसपास क्षेत्र में करीब 30 हजार की आबादी है। जहां सड़कें और गलियां न होने के कारण लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की। बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा, लेकिन हर बार अधिकारी कागज दिखा देते हैं, लेकिन काम शुरू नहीं करा पा रहे हैं। वार्ड का पार्षद होने के नाते मैं अपने वार्ड में कोई भी काम नहीं करा पा रहा हूं। मुहल्लेवासी उनके घर आकर समस्या बताते हैं। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से वह समस्या का समाधान न होने पर नगर निगम परिसर में मुहल्लेवासियों को साथ लेकर धरने पर बैठूंगा। इसके लिए नगर निगम के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।