Saturday, September 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रावण मास के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भक्तो की भीड़

श्रावण मास के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भक्तो की भीड़

हाथरस। पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार पर आज पूजा अर्चना के लिए शिवालयों में सुबह से ही जलाभिषेक करने का सिलसिला शुरू हो गया। जिसके चलते शिवालयों पर भारी आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवालयों पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने को भक्तो का तांता भोर से ही लग गया। भक्तों ने दूध और गंगाजल से अपने आराध्य भगवान आशुतोष का आस्था के साथ जलाभिषेक किया। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए शहर एवं पूरे जिले भर में शिवालयों पर भक्तों की भारी भीड़ रही। सावन माह का आज पहला सोमवार होने पर भोर से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भारी आस्था एवं श्रद्धा के साथ जलाभिषेक किया। मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लंबी कतार लग गई। महादेव के जयकारों से शिवालय गूंजते रहे। तमाम भक्त गंगा घाटों से कांवड़ भी लेकर आए और बाबा भोलेनाथ का पवित्र गंगाजल से अभिषेक किया। भक्तों ने उपवास रखकर आस्था के साथ अपने आराध्य भगवान शिव शंकर की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर देश में सुख समृद्धि की मंगलकामनायें कीं। शहर के प्रमुख शिवालयों गोपेश्वर महादेव, चौबे वाले महादेव, चकलेश्वर महादेव, नर्मदेश्वर महादेव, बौहरे वाली देवी वाले महादेव, चिंताहरण महादेव, बाबुलनाथ महादेव, कैलाश महादेव, नीलकंठ महादेव आदि शिवालयों पर भक्तों की भारी भीड़ जलाभिषेक के लिए उमड़ी। कस्बा सिकंद्राराऊ के सभी शिव मंदिरों को भव्य ढंग से सजाया गया और शाम को भगवान शिव के आलौकिक श्रृंगार किए गए। शिव मंदिरों पर भव्य सजावट भी की गई।