Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पीरियड्स के बारे में खुलकर बात करने की जरूरत है: मीनू अरोरा

पीरियड्स के बारे में खुलकर बात करने की जरूरत है: मीनू अरोरा

फिरोजाबाद। माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत कोमल फाउंडेशन द्वारा एवं प्रोजेक्ट बाला के सहयोग से सैनेटरी पैड्स वितरण कार्यक्रम का आयोजन कोमल पाठशाला, इंदिरा नगर पर किया गया।
कोमल फाउंडेशन की संरक्षिका मीनू अरोरा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि माहवारी एक ऐसी प्रक्रिया जिसके बारे में जानते हुए भी इसे छुपाया जाता है, इसके बारे में बात करने से हिचकिचाया जाता है। जबकि पीरियड्स के बारे में खुलकर बात करने की जरूरत है, खासकर तब जब किशोरियों में इस प्रक्रिया की शुरुआत हो। पहली बार पीरियड्स के होने पर बच्चियों के मन में घबराहट, असमंजस, डर और चिंता भी उपजती है। इस समय होने वाला असंतुलन उन्हें और भी डरा देता है क्योंकि वे इसके बारे में कम जानती हैं। ऐसे में उन्हें सही और उचित जानकारी देना न केवल इस प्राकृतिक प्रक्रिया को लेकर उनके मन से असमंजस को हटा देता है, बल्कि उसे पीरियड्स के दौरान सामान्य जीवन जीने में भी मदद करता है। ऐसी कई स्थितियां हैं जो पहली बार पीरियड्स शुरू होने के बाद बनती हैं और जिनके बारे में सही जानकारी किशोरियों तक पहुंचानी आवश्यक हैं। यह जानकारी उन्हें उनकी माँ, टीचर, बड़ी बहन या घर की कोई भी महिला दे सकती है। उन्होंने किशोरियों को सैनेटरी पैड के सही तरह से प्रयोग करने के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में अंजली राठौर, सुनीता राठौर, रश्मी यादव, रेखा, रेनू, ज्योति कुमारी, वंसिका, पूजा, मंजू देवी, टीना आदि मौजूद रही।