Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नगर निगम अपने क्षेत्र की नालियों के पानी की व्यवस्था करें:रामनिवास

नगर निगम अपने क्षेत्र की नालियों के पानी की व्यवस्था करें:रामनिवास

फिरोजाबाद। अखिल भारतीय प्रधान संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल नगर आयुक्त घनश्याम मीणा से मिला और जलभराव की समस्या से अवगत कराया। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने नगर आयुक्त को बताया कि फिरोजाबाद रजवाह को सिंचाई विभाग ने दौलतपुर से बंद कर दिया है। परंतु उक्त रजवाह में नगर निगम क्षेत्र की नालियों का गंदा पानी बरसों से चलाया जा रहा है, जो बारिश होने पर ओवरफ्लो होकर ग्राम मौढा एव नगला मुल्ला पर फट जाता है और इसका गंदा पानी चित्रगुप्त नगर एवं नगला मुल्ला के घरों में, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्र तथा किसानों के खेतों में भर जाता है। जिसके चलते सैकड़ो लोगों को महीनों पलायन करना पड़ता है और सैकड़ो बीघा खेतों की फसल बर्बाद हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के संबंध में अनेकों बार नगर निगम के अधिकारियों एवं जिलाधिकारी से शिकायत की गई है, बैठकर वार्ता भी की गई है और जिला प्रशासन द्वारा सिंचाई विभाग, नगर निगम की संयुक्त बैठक बुलाकर इसके समाधान की कार्ययोजना भी पूर्व में बनाई गई थी। परंतु अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं किया गया है। जिसके चलते जनता में भारी आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि शीघ्र ही नगर निगम ने अपने नालियों के गंदे पानी की व्यवस्था नहीं की तो पंचायतों द्वारा नगर निगम सीमा पर इस रजवाह को बंद कर दिया जाएगा। जिसके लिए नगर निगम स्वयं उत्तरदाई होगा। प्रतिनिधि मंडल में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष रामनिवास यादव, नगला मुल्ला के प्रधान कामरान सिद्दीकी, गाजीपुर के प्रधान आशीष वर्मा, सरपंच शैलेंद्र शुक्ला सहित तमाम लोग मौजूद रहे।