Wednesday, September 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रीकृष्ण की लीला के श्रेष्ठ चित्र के लिए 51 हजार के पुरस्कार की घोषणा

श्रीकृष्ण की लीला के श्रेष्ठ चित्र के लिए 51 हजार के पुरस्कार की घोषणा

मथुरा/वृंदावन। श्री कृष्ण जन्मोत्सव-2024 के आयोजनों के क्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के तीन दिवसीय ’श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर-2024’ का शुभारंभ प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने वृंदावन के गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में किया।
चित्रांकन शिविर के मुख्य अतिथि गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के सुझाव पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस बी सिंह ने घोषणा की कि जो चित्रकार कैनवास पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सबसे सुंदर चित्र बनाएगा, उसे परिषद द्वारा 51 हजार का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार को देने की परंपरा हर वर्ष के लिए है।
शिविर के मुख्य अतिथि चौधरी ने कहा कि इंसान को चित्रों के माध्यम से ही भगवान का आभास होता है। इसलिए चित्रकार अपने आप में महान होता है उसका चित्रांकन एक अमूल्य विधा होती है।
गन्ना मंत्री चौधरी ने 11 राज्यों से आये 24 महिला व पुरुष चित्रकारों को पटुका पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश भर से वृंदावन पधारे ये चित्रकार धन्य हैं जो भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं के चित्र बनाने यहां ब्रज में पधारे हैं।
उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस बी सिंह ने बताया कि परिषद ने ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थलियों को संवारा है। भगवान की लीलाओं का मंचन करवाया जा रहा है। अब उन्ही लीलाओं का चित्रण करने आप चित्रकार देश के विभिन्न स्थानों से पहुंचे हैं।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डा उमेश चंद्र शर्मा ने ब्रज की चित्रकला पर प्रकाश डाला। संचालन करते हुए गीता शोध संस्थान, वृंदावन के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर के बारे में बताया और चित्रकारों का परिचय कराया।
कार्यक्रम में इस्कॉन पुणे के वरिष्ठ पदाधिकारी संजय भोसले ने गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को गीता की प्रति भेंट की। श्री भोसले को मीराबाई पुस्तक भेंट की गयी।
इस मौके पर गीता शोध संस्थान के निदेशक प्रो दिनेश खन्ना ने गन्ना मंत्री आदि का पटुका पहना कर स्वागत किया। गीता शोध संस्थान वृंदावन में शिविर के शुभारंभ में दीप प्रज्जवलन के उपरांत रासलीला का प्रशिक्षण पा रहे बच्चों ने मंगलाचरण की संगीतमयी प्रस्तुति दी।