Wednesday, September 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ भाजपा ने पायलट योगेश बैरागी को चुनाव में उतारा

पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ भाजपा ने पायलट योगेश बैरागी को चुनाव में उतारा

राजीव रंजन नागः नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 21 उम्मीदवारों आज जारी दूसरी लिस्ट में पहलवान और कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट के सामने जुलाना से बीजेपी ने एरो पायलट कैप्टन योगेश बैरागी को चुनाव मैदान में उतारा है।
दरअसल, पिछले हफ्ते पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने कांग्रेस का दामन थामा था। कांग्रेस ने विनेश फोगाट को जींद जिले की जुलाना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। जुलाना विधानसभा सीट प्रदेश की हॉट सीटों में से एक है। भगवा पार्टी ने नेताओं के वंशजों को टिकट देने से इस बार भी परहेज नहीं किया है।
कौन हैं कैप्टन योगेश बैरागी?
विनेश फोगाट के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे 35 साल के कैप्टन योगेश बैरागी जींद जिले के सफीदों के रहने वाले हैं। अपने क्षेत्र में कई तरह की समस्याओं खासतौर पर बेरोजगारी की समस्या को देखते हुए योगेश बैरागी ने राजनीति में कदम रखा। योगेश हरियाणा बीजेपी के युवा मोर्चा इकाई के उपाध्यक्ष हैं।
कोरोना काल में बटोरीं तारीफ
सियासत में आने से पहले योगेश बैरागी सीनियर पायलट रह चुके हैं। कैप्टन योगेश बैरागी चेन्नई में बाढ़ आपदा के समय राहत सामग्री पहुंचाई और लोगों की मदद की। इसके अलावा कोरोना काल में उन्होंने वंदे भारत मिशन में सक्रिया भूमिका निभाकर खूब तारीफें बटोरीं। अब पार्टी ने उन्हें हरियाणा की सबसे हॉट सीटों में से एक जींद की जुलाना सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।
उधर, बीजेपी ने पूर्व क्रिकेटर प्रदीप सांगवान को बरोदा से चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा ने आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें 21 और नाम शामिल हैं। अब तक पार्टी ने 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 87 उम्मीदवारों की घोषणा की है।
भाजपा ने कैप्टन योगेश बैरागी को ओलंपियन विनेश फोगट के खिलाफ खड़ा किया है, जो जुलाना से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। 67 उम्मीदवारों की पहली सूची में पार्टी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को करनाल से लाडवा सीट पर उतारा। श्री सैनी 2019 से 2024 के बीच कुरुक्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। पूर्व राज्य भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ जैसे प्रमुख नेता, जो अब पार्टी में राष्ट्रीय सचिव की भूमिका निभा रहे हैं, बादली निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है।
एक अन्य प्रमुख व्यक्ति, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री अनिल विज अपने पारंपरिक गढ़ अंबाला कैंट से चुनाव लड़ेंगें। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए कई राजनीतिक दिग्गजों को टिकट से पुरस्कृत किया गया है। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के पूर्व नेता देवेंदर सिंह बबली अब टोहाना से चुनाव लड़ेंगे, जबकि हाल ही में पार्टी में शामिल हुईं और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी तोशाम से चुनाव लड़ेंगी। लोक सभा की सदस्य सदस्य रह चुकी श्रुति चौधरी हाल में भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी की बेटी है। इसी तरह, राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव को अटेली सीट दी गई है। साथ ही केंद्रीय मंत्री के कई अन्य वफादारों को भी टिकट दिया गया है, जिससे दक्षिण हरियाणा में पार्टी की मौजूदगी और मजबूत होगी।
5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ, भाजपा राज्य में लगातार तीसरी जीत का लक्ष्य लेकर चल रही है। हालांकि, सत्तारूढ़ पार्टी को फिर से उभर रही कांग्रेस से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। मतगणना 8 अक्टूबर को होनी है।