Wednesday, May 1, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » किसानों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरित किए

किसानों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरित किए

2017.09.16.03. SSP.BJPकेंद्र व प्रदेश सरकार जनता के हित के लिए ले रही फैसले- पांडेय
फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। शिकोहाबाद तहसील क्षेत्र के किसानों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरित करने के लिए तहसील प्रशासन ने मंडी समिति में एक कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने एक महिला किसान को प्रमाण पत्र देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के हित में फैसले ले रही है। भाजपा की सरकार आम जनता की सरकार है।
तहसील क्षेत्र के चयनित लगभग ५०० किसानों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र देने के लिए तहसील प्रशासन द्वारा मंडी समिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसानों को ऋण पार्टी के विधायकों को वितरित करने थे, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष से एक किसान को प्रमाण पत्र देकर शुभारंभ करने का मन बना लिया। काफी प्रयास के बाद स्थानीय भाजपा नेता प्रदेश अध्यक्ष को मंच तक ले जाने में सफल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने दिखतौली की महिला किसान ऊषादेवी पत्नी भूरी सिंह को अपने हाथ से ऋण मोचन का प्रमाण पत्र दिया। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संक्षेप में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकारें आम जनता की सरकार है। दोनों ही सरकारें जनता के हित के लिए फैसले कर रही हैं। किसानों को बैंकों की लाइनों से छुटकारा दिलाने के लिए ऋण माफ के चैक न देकर सीधे उनके खाते में धनराशि स्थानांतरित की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा संगठन और सरकार के बीच तालमेल बढ़ाने पर बल दिया।शिकोहाबाद में भाजपाइयों में मची रही स्वागत को होड़
प्रदेश अध्यक्ष को मंच तक ले जाने में करनी पड़ी मशक्कत
वाहन का घेराव करने के साथ नारेबाजी-तब मंच पर पहुंचे
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में रोड़ शो के दौरान प्रशासन द्वारा आयोजित ऋण मोचन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष को ले जाने के लिए भाजपा नेताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद भी जब प्रदेश अध्यक्ष नहीं माने तो कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल तक जाने के लिए तैयार हो गए।
प्रदेश अध्यक्ष के जिले में पहली बार आगमन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उनके स्वागत की होड़ लग गई। नगर सीमा में सर्वप्रथम मैनपुरी चैराहा पर भाजपा नेता डॉ. रामकैलाश यादव के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद एटा चैराहे पर पूर्व नगर अध्यक्ष रमाशंकर गुप्ता के निर्देशन में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री कटारिया, जिला प्रभारी पंकज गुप्ता का जोशीला स्वागत किया। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष का काफिला मंडी समिति के समीप पहुंचा तो वहां नगर अध्यक्ष अनिल शर्मा, ब्रजेश यादव उर्फ बाजा, सुरेश चंद्र भदौरिया, सतीश यादव, बीएल यादव व देव यादव समेत भारी संख्या में भाजपा नेताओं ने उनके काफिले को रोक लिया और फूल माला पहना कर स्वागत किया। नगर अध्यक्ष के साथ मौजूद नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष से कार्यक्रम में पांच मिनट के लिए चलने और एक किसान को ऋण मोचन प्रमाण पत्र देने का अनुरोध किया। लेकिन इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने व्यस्तता का हवाला देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने से इंकार कर दिया। जिसको लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके बाद भाजपाइयों के चहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। और प्रदेश अध्यक्ष जिंदाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए उन्हें कार्यक्रम स्थल तक ले गए।