Wednesday, March 26, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सरस्वती विद्या मंदिर में तीन दिवसीय वैदिक गणित कार्यशाला का आरंभ

सरस्वती विद्या मंदिर में तीन दिवसीय वैदिक गणित कार्यशाला का आरंभ

ऊंचाहार, रायबरेली। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उर्जा विहार, ऊंचाहार में क्षेत्रीय वैदिक गणित की तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेम चंद जी ने किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि वैदिक गणित एक अत्यंत प्रभावशाली तकनीकी विधा है, जो जटिल गणनाओं को सरलता से हल करने में सहायक होती है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में व्यक्तित्व विकास का महत्व बढ़ा है और देश के चिकित्सक, अभियंता और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को वैदिक गणित का उपयोग करके मानसिक दृढ़ता प्राप्त करनी चाहिए।
कार्यशाला के विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय संयोजक, गणित देवेंद्र राव देशमुख ने भी अपने विचार साझा किए। इस मौके पर क्षेत्रीय संयोजक वैदिक गणित, संतोष कुमार सिंह ने कार्यशाला में उपस्थित 82 आचार्यों को योजना बैठक और प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी।
उद्घाटन समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य गया प्रसाद गुप्त ने क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेम चंद जी को श्रीफल और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, विद्यालय के कोषाध्यक्ष आरपी बाथम ने अखिल भारतीय संयोजक, गणित देवेंद्र राव देशमुख को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय के सदस्य सर्वेश चौहान ने क्षेत्रीय संयोजक वैदिक गणित संतोष कुमार सिंह का श्रीफल और अंगवस्त्र से स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बालकृष्ण सिंह ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया। कार्यक्रम का संचालन संभाग निरीक्षक श्याम मनोहर ने किया। यह समस्त कार्यक्रम ऊंचाहार के वैदिक गणित प्रमुख आचार्य अनिल दुबे के संयोजन में संपन्न हुआ।
यह कार्यशाला वैदिक गणित के महत्व को समझने और उसे व्यावहारिक रूप में लागू करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।