ऊंचाहार, रायबरेली। वसंतीय नवरात्रि महापर्व के पहले दिन गोकर्ण तीर्थ स्थित गोकना घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया और घरों तथा मंदिरों में नवदुर्गा कलश स्थापना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाते हुए गंगा जल से मंदिरों में अभिषेक किया। साथ ही, मां शैलपुत्री के रूप में नवरात्र की शुरुआत हुई।
गोकना घाट पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं ने खरीदारी की और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति के सचिव पंडित जितेंद्र द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। उन्होंने यह भी बताया कि आज के दिन प्रभु श्रीराम, महाराज युधिष्ठिर और सम्राट विक्रमादित्य का राज्य अभिषेक भी हुआ था। इसी दिन को हिंदू नव वर्ष के रूप में भी मनाया जाता है।
समिति द्वारा गोकर्न तीर्थ और गोकना घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें घाटों और मंदिरों की सफाई की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे मां गंगा को निर्मल और स्वच्छ बनाने के साथ-साथ जल के संरक्षण के लिए भी जागरूक रहें।
समारोह में अर्पित कुमार, राजेश कुमार, जगदीश प्रसाद, अम्बे सहाय मिश्र, अमित निषाद, रामकुमार निषाद, नाविक गोताखोर, हलका इंचार्ज कमल सिंह, राजस्व निरीक्षक राम प्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस बल के सदस्य भी उपस्थित रहे।