Wednesday, April 2, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नवरात्र के दूसरे दिन मंदिरों में सुबह से ही लगा भक्तों का तांता

नवरात्र के दूसरे दिन मंदिरों में सुबह से ही लगा भक्तों का तांता

हाथरस। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यह दिन मां दुर्गा की द्वितीय शक्ति, मां ब्रह्मचारिणी की पूजा के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक आयोजनों की धूम रही और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मान्यताओं के अनुसार, मां ब्रह्मचारिणी का स्वरूप शांत और सौम्य होता है। इस दिन उनकी पूजा करने से साधक को त्याग, वैराग्य, संयम और सभी सुखों की प्राप्ति होती है। मां आदिशक्ति की साधना, आराधना और उपासना का महापर्व नवरात्र में आस्था का प्रवाह हर ओर फूट पड़ा। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज के साथ देवी के मंत्रों का जाप और भक्तों की भीड़ हर दिशा में सुनाई दे रही थी।
नवरात्र के दूसरे दिन देवी मंदिरों में मां के स्वरूप के दर्शन और पूजा के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों में पहुंचे और मां के दर्शन कर उनकी अनुकंपा प्राप्त करने की कोशिश करते रहे। सभी मंदिरों में मां का श्रृंगार फूल-मालाओं से किया गया। विशेषकर पथवारी माता और चामुंडा मंदिर पर श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ देखी गई।