शिकोहाबाद। विकासखंड के ग्राम पंचायत असुआ में ‘विकसित कृषि संकल्प योजना 2025’ के अंतर्गत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस योजना का उद्देश्य किसानों को सशक्त बनाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लैब टू लैंड मॉडल के तहत किसानों तक सीधी पहुंच बनाकर उनके मुद्दों को समझा गया और मौके पर ही समाधान भी किया गया।गोष्ठी में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने भाग लिया, जिनमें डॉ. आर.बी. मीणा, डॉ. ओमकार सिंह यादव, डॉ. नरेश कुमार, राजेश कुमार, बृजेश कुमार, प्रशांत कुमार और एडीओ महेन्द्र सिंह सेंगर प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन अधिकारियों ने गांव में उपस्थित किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं को सुना। कृषि तकनीकी प्रबंधक द्वारा लगाए गए इस कैंप में किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामदुलारे सविता ने की जबकि आकाश बाबू कुशवाहा को मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा भाजपा और राजू सिंह कुशवाहा को जिला उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा भाजपा के रूप में मुख्य जनप्रतिनिधि की भूमिका में देखा गया। गोष्ठी का शुभारंभ विशेष अतिथियों द्वारा किया गया जिसमें ग्राम पंचायत असुआ के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और कृषि संबंधी अनेक जानकारियां प्राप्त कीं। मुख्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की गोष्ठियां किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगी और सरकार की यह पहल सराहनीय है, जिससे ग्रामीण अंचल के किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।