Friday, April 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कर्नाटक चुनाव में मिली सफलता पर भाजपाइयों ने बांटी मिठाई

कर्नाटक चुनाव में मिली सफलता पर भाजपाइयों ने बांटी मिठाई

कानपुर, जन सामना ब्यूरो। कर्नाटक विधानसभा के आए चुनाव नतीजों ने जहां कांग्रेसियों को फिर से मायूस किया वही भाजपाई काफी गदगद दिखे। भाजपाइयों ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए जगह-जगह जश्न मनाया व ढोल नगाड़े की थाप पर जमकर भांगडा किया एवं मिठाई बांटी। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा के विकास के एजेंडे पर अपनी मुहर लगाई है। कर्नाटक विधानसभा के चुनाव विगत 12 मई को संपन्न हुए थे। चुनाव से पूर्व भाजपा, कांग्रेस सहित जेडीएस नेताओं ने विधानसभा चुनाव फतह करने के लिए जमकर धुआंधार प्रचार किया। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई और भाजपाई भी प्रचार करने के लिए कर्नाटक गए। चुनाव परिणाम के दिन भाजपाई अपने घरों में सुबह से ही टीवी न्यूज चेनलों के सामने परिणाम जानने को डट गए। सुबह शुरुआती चुनाव रुझान में जब कांग्रेस आगे व भाजपा पीछे दिखने लगी तो भाजपाई थोड़ा मायूस होने लगे लेकिन थोड़ी ही देर बाद भाजपा ने जब बढत बनानी शुरू की तो भाजपाइयों के चेहरे खुशी से खिल उठे। फिर भाजपा की बढत का सिलसिला आखिर तक चलता रहा भाजपा ने जब 100 का आंकड़ा पार किया तो भाजपाइयों ने मोबाइल द्वारा एक दूसरे को जीत की बधाई दी देर शाम भाजपाई जीत की खुशी का इजहार करने सड़कों पर उतर आए। गोविंद नगर के चावला मार्केट चैराहे पर भाजपाइयों ने ढोल नगाड़े की थाप पर जम कर भांगड़ा किया। महिलाएं भी भांगड़ा करने में पीछे नहीं रही। भाजपाइयों ने चैराहे से गुजर रहे राहगीरों को मिष्ठान खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया व जीत की बधाई दी। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा की केंद्र सरकार की नीतियों की जीत है। केंद्र सरकार ने गरीबों, वंचितों महिलाओं एवं नौजवानों के कल्याण की न केवल योजनाएं बनाई अपितु उन्हें मूर्त रूप भी दिया। कांग्रेस मुक्त भारत का तात्पर्य भ्रष्टाचार मुक्त भारत है। क्योंकि कांग्रेस भ्रष्टाचार की प्रतीक व पर्याय बन चुकी थी पूर्व की केंद्र की कांग्रेस सरकार ने पाताल से लेकर अंतरिक्ष तक केवल भ्रष्टाचार ही किया। कोई ऐसा विभाग नहीं था जिसमें जमकर घपले-घोटाले न हुए हो। भ्रष्टाचार से ऊबी जनता अब राज्य दर राज्य कांग्रेस का सफाया कर रही है। मिष्ठान वितरण में प्रमुख रुप से जिला महामंत्री शिव शंकर सैनी, मंडल अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, विधायक पत्नी आशा त्रिवेदी, प्रकाश वीर आर्य, उपसभापति नगर निगम नवीन पंडित, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश चन्द्रा, नीतू सिंह, पार्षद संदीप जयसवाल, रणविजय सिंह, हरप्रीत सिंह,आदि थे।