Friday, April 26, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » देवकी नगर की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर लगाया जाम

देवकी नगर की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर लगाया जाम

नगर निगम प्रशासन के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। सुहागनगरी में पानी की समस्या विकराल होती जा रही है। आए दिन पानी की समस्या को लेकर लोग सड़कों पर उतरते रहते हैं। सोमवार को जलेसर रोड देवकी नगर की महिलाऐं पानी की समस्या को लेकर सडकों पर उतर आई। महिलाओं ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं ने आने-जाने वाले वाहनों को रोक दिया और सड़क पर ही बैठ गई। महिलाओं ने नगर निगम प्रशासन के विरूद्ध नारेबाजी की।
जलेसर रोड स्थित देवकी नगर में पानी की विकराल समस्या है। मोहल्ले वासियों को विगत कई दिनों से पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पानी न मिलने से नाराज मोहल्लेवासी कई बार नगर निगम समस्या का समाधान कराने पहुंचे। लेकिन उनकी वहां सुनवाई नहीं की गई। सुनवाई न होते देख सोमवार सुबह महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। महिलाओं द्वारा लगाए गए जाम में डीपीएस स्कूल की बस समेत अन्य स्कूलों की बसें भी फंस गई। स्कूल की देरी होने की बात पर भी जाम नहीं खोला गया। महिलाओं का कहना था कि विगत कई दिनोें से उनके घर में पानी नहीं आ रहा है। शिकायत करने के बाद भी नगर निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। मजबूरन उन्हें यह कदम उठाने को विवश होना पडा है। जाम में स्कूल बस फंसे हो की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिलाओं को जाम खुलवाने की मांग की लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अडी रहीं। महिलाओं की समस्या को लेकर नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने शीघ्र ही पानी की समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम खुल सका। जाम खुलने के बाद ही बच्चों को स्कूल तक पहुंचाया गया। पानी न मिलने पर महिलाओं ने दोबारा जाम लगाने की चेतावनी दी है।