Friday, April 26, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महागठबंधन का बंद बेअसर, भाजपा विरोधी नारों से गूंजी राहें

महागठबंधन का बंद बेअसर, भाजपा विरोधी नारों से गूंजी राहें

कांग्रेस, सपा और रालोद पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार, महंगाई को लेकर किया भाजपा सरकार का विरोध
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद/टूंडला, एस. के. चित्तौड़ी। भाजपा सरकार अब चारों ओर से घिरती नजर आ रही है। कभी एससी-एसटी के विरुद्ध लोग लामबंद्ध हो रहे हैं तो अब कांग्रेस, सपा और रालोद के महागठबंधन ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के मूल्यों में वृद्धि, राफेल विमान घोटाले व भ्रष्टाचार के विरोध में रैली निकाल विरोध प्रदर्शन किया। महागठबंधन ने भाजपा सरकार को सबक सिखाने की बात कही। वहीं आम जनमानस से भी इस मुहिम से जुड़ने की मांग की। महागठबंधन का भारत बंद बेअसर रहा।
सोमवार को भाजपा सरकार के विरोध में कांग्रेस, सपा और रालोद पदाधिकारी ने जनपद में अलग-अलग प्रदर्शन किया। सुहागनगरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा पैट्रोल, डीजल एवं राफेल विमान घोटाले के विरोध में बाजार बंद कराकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रकाश निधि गर्ग, महानगर अध्यक्ष गुलाम जिलानी, कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष साजिद बेग के नेतृत्व में नालबंद चौराहे से जुलूस के रूप में एकत्रित होकर बाजार बंद कराया। जुलूस नालबंद चौराहे से शुरू होकर, इमामबाड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, घंटाघर, सदर बाजार, शास्त्री मार्केट, गंज चौराहा होते हुए सेन्ट्रल चौराहे पर जाकर समाप्त हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेन्ट्रल चौराहे पर नगर मजिस्ट्रेट प्रियंका सिंह को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। वहीं गांधी पार्क चौराहे पर लाला राइन गांधी, एआईसीसी सदस्य सुबूर अली, सौरभ पोरवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अतुल चतुर्वेदी में केन्द्र सरकार का पुतला फूकने का प्रयास किया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास किया गया। पुलिस और कांग्रेसियों काफी नोकझोंक होती रही। अंत में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता ने गांधी पार्क चैराहे पर बैठकर केन्द्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी। पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद धरना प्रदर्शन खत्म करा दिया गया। घर संसार पर एआईसीसी सदस्य संदीप तिवारी के नेतृत्व में व्यापारियों से विनम्र निवेदन के साथ प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया। इस दौरान अतुल चतुर्वेदी, मनोज भटेले, भरतेश, सतीश चन्द्र अग्रवाल, रामनिवास यादव, धर्मसिंह यादव, रामकुमार रावत, अखिलेश, विपिन चौहान, पप्पू जोशी, मंयल गोयल बिटटू, आजम इरफान, सौरभ शर्मा, कल्लू अंसारी, इमरान कुरैशी, अजहर बेग, वकार अहमद, सोनू पोरवाल, स्नेहलता बबली, योगेन्द्र सिसोदिया, विवेक चट्डा, आशीष तिवारी, मुकेश गौड, दिनेश यादव, सतेन्द्र यादव आदि धरना प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहे। बताते चले कि दो दिन पहले ही एससी-एसटी के विरोध में पूरा भारत बंद कराया गया था। जिसमें फिरोजाबाद जिले की अधिकांश दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहे थे। एक बार फिर दुकानें बंद करने को लेकर कुछ दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए लेकिन उनके जाते ही दोबारा दुकानें खोल लीं। वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने नगला भाऊ स्थित फिरोजाबाद ब्लाक पर पैट्रोल-डीजल में बेतहाशा वृद्वि और भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा की केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। सपा एमएलसी डा. दिलीप यादव ने भाजपा की केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार में आम आदमी मंहगाई से त्रस्त हैं। रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्वि कर दी गई। आज रसोई गैस सिलेण्डर के दाम 800 रूपये तक पहुंच गये है। वहीं पैट्रोल-डीजल के दाम प्रतिदिन आसमान छू रहे है। जिससे मंहगाई बढ़ रही है। वहीं अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार प्रकट किये। प्रदर्शन के दौरान सपा जिलाध्यक्ष सुमन देवी सविता, रमेश चन्द्र चंचल, दिनेश यादव, कमलेश यादव, रघुवीर सविता, अवनीन्द्र यादव, राजकुमार राठौर, बंटू कठेरिया, अशफाक खान, जगमोहन यादव, आदर्श यादव धन्नू आदि मौजूद रहे। वहीं टूण्डला नगर के दीपा का चौराहा पर एकजुट हुए। महागठबंधन पदाधिकारी हाथों में माइक लेकर भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। जुलूस दीपा का चौराहा से प्रारंभ होकर मैन बाजार, कोतवाली, रामलीला मैदान, जीजीआईसी, भारत माता चैक, सब्जी मण्डी पर जाकर समाप्त हुआ। रालोद जिलाध्यक्ष मास्टर देशराज सिंह ने कहा कि भाजपा महंगाई और भ्रष्टाचार को बढ़ाने वाली पार्टी है। रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल और डीजलों के दामों में बेतहाशा वृद्धि होने से गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। पूरे देश में हा-हाकार मचा हुआ है। इसके बाद भी सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। आने वाले लोकसभा चुनाव में देश की जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
एसएसपी ने विरोध प्रदर्शन देखते हुए पुलिस प्रशसन को किया अलर्ट
सोमवार को भारत बंद को लेकर एसएसपी सचिन्द्र पटेल ने विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिले भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। एसएसपी ने मुख्यालय, तहसीलों पर काफी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस फोर्स आगे-आगे चल रहा था।