हरिद्वारः मदन यादव। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी और आनंद अखाड़े की भव्य पेशवाई निकलने के साथ ही बुधवार को हरिद्वार महाकुंभ का विधिवत आगाज हो गया। इस दौरान पेशवाई के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर जनसैलाब उमड़ पड़ा। दोनों अखाड़ों के आचार्य महामंडलेश्वरों और संतों पर हेलीकॉप्टर और घरों की छतों से फूलों की बारिश हुई।
दर्शकों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत कर संतों का आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में शिव तांडव नृत्य, महिला बैंड, ऊंट, हाथी और शाही सिंहासन पर सवार संतों की झांकियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शहर में घूमने के बाद पेशवाई शाम छह बजे श्री निरंजनी अखाड़े की स्थायी छावनी पहुंची।
एसएमजेएन पीजी कॉलेज से सुबह करीब ग्यारह बजे पेशवाई का शुभारंभ हुआ। इससे पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अखाड़े के संतों के साथ पूजा-अर्चना की। इष्टदेव के पूजन के साथ बैंड बाजों की धुन, शिव तांडव नृत्य और डमरुओं की थाप से कॉलेज परिसर गूंज उठा।
प्रसाद ग्रहण करने के बाद हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पेशवाई निकली। गोविंदपुरी कॉलोनी से हरिद्वार मुख्य मार्ग, चंद्राचार्य चैक अवधूत मंडल तक लंबी पेशवाई में संतों की झांकियां शामिल थीं। सबसे आगे घोड़े और हाथी चल रहे थे। अलग-अलग बैंडो ने पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया।
श्री निरंजनी अखाड़े के आचार्य मंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि, आनंद अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि ने अपने-अपने अखाड़ों का नेतृत्व किया। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी रथ में सवार थीं। पूर्व निर्धारित रूट पर पेशवाई के पहुंचने से पहले ही दर्शकों की भीड़ जमा हो गई। सड़क के दोनों तरफ, डिवाइडर और घरों की छतों पर हर उम्र के लोग शोभायात्रा देखने उमड़े।
पेशवाई में श्री निरंजनी अखाड़े के नागा संन्यासियों की टोली दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। नागा संन्यासियों के हर-हर महादेव के जयकारों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। हाथों में त्रिशूल-डमरू, गले में फूलों और रुद्राक्ष की मालाएं पहने नागा संन्यासियों की टोली पेशवाई में संतों के आगे चल रही थी। नागा संन्यासियों को देखने के लिए दर्शक उत्साहित दिखे।
श्री निरंजनी अखाड़ा और आनंद अखाड़ा की पेशवाई का कनखल स्थित हरेराम आश्रम के पास जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक महंत हरिगिरि के नेतृत्व में स्वागत हुआ। इस दौरान पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, कोठारी महंत दामोदर दास, स्वामी रविदेव शास्त्री, महंत निर्मलदास, स्वामी ब्रह्स्वरूप ब्रह्मचारी, महंत बलवंत सिंह, महंत ज्ञानदेव सिंह, महंत जसविंदर सिंह, महंत अमनदीप सिंह, महंत रविंद्रपुरी, मुखिया महंत भगतराम, जगतार मुनि, महंत राजेंद्रदास, महंत धर्मदास, महंत रामकिशनदास, महंत रामदास, महंत रामजीदास, महंत प्रहलाद दास, महंत राजेंद्र दास संतों ने भी पेशवाई का स्वागत किया।
शोभायात्रा में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि,
श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रविंद्रपुरी, महामंडलेश्वर संतोषी माता, महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि, महामंडलेश्वर विद्यानानंद गिरि, महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरि, मेलाधिकारी दीपक रावत, आईजी संजय गुुंज्याल, डीएम सी रविशंकर, एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस और हरिद्वार पुलिस प्रशासन आदि मौजूद थे।