Thursday, May 2, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कांवड लेकर जा रहे दो कांवरियों को अज्ञात वाहन ने रौंदाः1 की मौत,दूसरा गंभीर

कांवड लेकर जा रहे दो कांवरियों को अज्ञात वाहन ने रौंदाः1 की मौत,दूसरा गंभीर

हाथरस। श्रावण मास का महीना शुरू होते ही कांवरियों की आवाजाही शुरू हो जाती है और इसी क्रम में बीती रात्रि को कांवर लेकर जा रहे दो कांवरियों को आगरा अलीगढ़ बाईपास पर किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिससे दोनों कांवरिया जहां गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं आज एक कांवरिया की उपचार के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। कांवड़िया की मौत की खबर से कांवड़िया के परिजनों में भारी कोहराम मच गया है।बताया जाता है मध्य प्रदेश के ग्वालियर के गांव मणिपुर थाना छावनी निवासी राजू पुत्र शोभाराम व मूलचंद्र यादव पुत्र कृपा यादव कल देर शाम अपने दर्जनभर साथियों के साथ गंगोत्री से कावड़ में गंगाजल लेकर ग्वालियर के लिए पैदल पैदल जा रहे थे और जब वह आगरा अलीगढ़ बाईपास पर पहुंचे तो लहरा के निकट उन्हें पीछे से तेज गति से आ रहा एक अज्ञात वाहन पीछे से रौंदकर आगरा की ओर भाग गया तथा उक्त हादसे में दोनों कावंरिया जहां गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार हेतु बागला जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उन्हें गंभीर हालत में उपचार हेतु आगरा रैफर किया गया। जहां पर उपचार के दौरान आज एक कांवड़िया मूलचंद्र यादव की मौत हो गई तथा कांवरिया की मौत की खबर से कांवरिया के परिजनों में भारी कोहराम मच गया है।
उक्त संबंध में थाना हाथरस गेट पुलिस का कहना है कि बीती रात्रि को करीब 9.30 बजे थाना हाथरस गेट पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना हाथरस गेट क्षेत्रान्तर्गत आगरा-अलीगढ मार्ग पर लहरा चौराहे के पास अज्ञात वाहन चालक द्वारा पैदल जा रहे 2 लोगों को टक्कर मार दी है। सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक थाना हाथरस गेट द्वारा मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच कर दुर्घटना में घायल व्यक्तियों राजू सविता पुत्र शोभाराम व मूलचन्द्र यादव पुत्र कृपा यादव निवासीगण गंगा आलमपुर पुरानी छावनी ग्वालियर को तत्काल उपचार हेतु बागला जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहाँ घायलों को चिकित्सक द्वारा बेहतर उपचार हेतु आगरा रैफर किया गया। घायल व्यक्ति मूलचन्द यादव की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवाया गया। घटना के सम्बन्ध में परिजनों की तहरीर पर थाना हाथरस गेट पर अभियोग पंजीकृत कर पुलिस द्वारा अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।