Thursday, May 2, 2024
Breaking News
Home » महिला जगत » क्या यही प्यार है ???

क्या यही प्यार है ???

आजकल राखी सावंत और आदिल का रिश्ता सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। उनके रिश्ते को साल भर भी पूरा नहीं हुआ और दोनों कोर्ट-कचहरी के चक्कर काट रहे है। अभी कुछ महीनों पहले एक दूसरे को जान से ज्यादा अज़ीज मानने वाले राखी और आदिल, आज एक दूसरे के कट्टर दुश्मन बन बैठे है। कहाँ गया वो प्यार, वो शिद्दत, वो चाहत? क्या सच्चा प्यार इतनी जल्दी दम तोड़ देता है? स्वार्थ की नींव पर बँधे रिश्तों का अंजाम यही होता है। ऐसे छिछोरे लोगों ने आजकल रिश्तों की गरिमा का कत्ले-आम कर दिया है और शादी जैसे पवित्र बंधन को मजाक बना कर रख दिया है।
कोई मेल नहीं था दोनों का, फिर क्यूँ जुड़े एक दूसरे के साथ। हो सकता है शायद राखी की पोप्युलारिटी को ज़रिया बनाकर आदिल आगे बढ़ना चाहता हो, और अपने से छोटे हेंडशम दिखने वाले आदिल से राखी आकर्षित हुई हो। कारण जो भी हो पर सस्ती पब्लिसिटी के चक्कर में लड़कियाँ खुद को बर्बाद कर लेती है, राखी उस बात का जीता जागता उदाहरण है।
राखी सावंत जो इन दिनों अपने निजी रिश्तों की वजह से खबरों में छाई हुई है, उन्होंने बीते दिनों अपने ही पति आदिल को जेल भिजवा दिया और उनके खिलाफ़ कोर्ट में केस भी लड़ रही है। हर दिन राखी सावंत मीडिया में आकर केस का अपडेट सुनाती है। राखी को लोग ड्रामा क्वीन के नाम से भी जानते है। माना कि वो भी दूध की धुली नहीं, हर कुछ दिन बाद पब्लिसिटी स्टंट करती रहती है। आज उसे अपनी ही बेवकूफ़ी भारी पड़ रही है। किसीको बिना जाने पहचाने अपनी सारी प्रॉपर्टी दे देना अक्कलमंदी हरगिज़ नहीं।इस इश्यू में सच्चाई क्या है, कितनी है ये तो राखी और आदिल ही जानें पर, अगर राखी द्वारा आदिल पर लगाए इल्ज़ाम सही है तो लड़कियों को समझने की जरूरत है। प्यार, इश्क, मोहब्बत के नाम पर लड़के लड़कियों का फ़ायदा उठाकर मतलब निकलते ही दूध में से मक्खी की तरह निकाल फेंक देते है, फिर लड़कियों को या उनके माँ बाप को न्याय के लिए सड़क पर खड़े रहकर गुहार लगानी पड़ती है। या तो लड़कियों की लाशें मिलती है।
लड़कियाँ प्यार में अंधी होकर अपना धर्म बदल लेती है, माँ बाप का दिल दुखाती है, अपनी इज्जत दाँव पर लगा देती है और जिसके भरोसे ये सब करके घर से निकलती है वही उसका साथ देने की बजाय लड़की का हत्यारा, या बर्बादी का कारण बनता है।
लोगों की मानसिकता कितनी गिरती जा रही है, अपने स्वार्थ के लिए या आगे बढ़ने के लिए किसीकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने से बिलकुल भी नहीं हिचकिचाते। आज राखी है कल कोई और होगी। लड़कियों संभल जाओ अपनी ज़िंदगी पर फ़ोकस करो, किसीको भी तुम्हारी ज़िंदगी तबाह करने का हक मत दो। लड़कों की चाल को समझो, माँ-बाप की इज्जत का ख़याल करो प्यार के चक्कर में जान से हाथ धो लेना समझदारी नहीं। अगर बिना सोचे समझे किसी पर अंधा विश्वास कर लोगे तो ज़ाहिर सी बात है अंजाम बुरा ही होगा।
ज़िंदगी सबको दो विकल्प देती है, सही और गलत, कौनसी राह चुननी है इतनी समझ एक बीस, बाईस साल की लड़की में तो होनी ही चाहिए। हर रोज़ न्यूज़ पेपर की शान बनने वाले ऐसे लड़कियों की बर्बादी के किस्से पढ़कर या देखकर हर लड़की को सीख लेनी चाहिए और अपनी ज़िंदगी को तबाही से दूर रखना चाहिए।


भावना ठाकर ‘भावु’ बेंगलोर