फिरोजाबाद। मंडलायुक्त आगरा शैलेंद्र कुमार सिंह मंगलवार को जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने शहर में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत गांधी पार्क स्थित पालीवाल हॉल से हुई, जहां उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति देखी और कार्यदायी संस्था को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। सुहागनगरी के ककरऊ कोटी क्षेत्र में निर्माणाधीन नगर निगम के जोनल ऑफिस का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और मैनपावर बढ़ाकर कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने भारत सरकार द्वारा 97 लाख की लागत से निर्मित ग्रीन क्रीमीटोरियम का निरीक्षण किया।
मुख्य समाचार
कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विकास भवन में भरी हुंकार
फिरोजाबाद। मंगलवार को कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश के आह्वान पर विकास भवन प्रांगण में भूख हड़ताल कर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण की समाप्ति शामिल रही। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 12 सूत्रीय मांगपत्र प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री और विभागाध्यक्षों द्वारा मांगों पर सहमति जताई गई थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। इसी कारण प्रांतीय आह्वान पर आज एक दिवसीय सत्याग्रह और भूख हड़ताल की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
शिक्षणेत्तर संघ की जिला कार्यकारिणी ने नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक से की शिष्टाचार भेंट
कानपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ, जनपद कानपुर नगर की जिला कार्यकारिणी ने आज नव नियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संघ पदाधिकारियों ने उन्हें फूलों का बुके भेंट कर स्वागत किया और जनपद के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी। डॉ. संतोष राय ने संघ पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सभी समस्याओं का शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने संवाद और सहयोग की भावना से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं डायरिया रोको अभियान हेतु अंतर्विभागीय बैठक का आयोजन
मथुरा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान जुलाई 2025 (1 से 31 जुलाई) एवं डायरिया रोको अभियान 2025 के लिए जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय बैठक मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला चिकित्सालय पुरुष/महिला के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के प्रतिनिधि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, समस्त ब्लॉक चिकित्सा अधीक्षक, डीएमसी यूनिसेफ, एसएमओ, डब्ल्यूएचओ, जिला उद्यान अधिकारी, नगर पंचायत के समस्त अधिशासी अधिकारी एवं मलेरिया निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।
शुभ कार्य वृद्धाश्रम में मनाकर युवा पीढ़ी को सेवा-समर्पण की राह पर ले चलें : मनोज भदौरिया
कानपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भदौरिया ने अपने जन्मदिवस को समाजसेवा के रूप में मनाते हुए एक मिसाल पेश की। उन्होंने यशोदा नगर स्थित साईं सेवा घर वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ जन्मदिन मनाया और उन्हें खाद्य सामग्री, उपहार तथा भोजन आदि वितरित किए। इस अवसर पर मनोज भदौरिया ने कहा कि वह चाहें तो अपना जन्मदिन मित्रों संग पार्टी कर भी मना सकते थे, लेकिन उन्होंने यह दिन उन बुजुर्गों के साथ बिताना बेहतर समझा, जो आज वृद्धाश्रम में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बच्चों के जन्मदिन और अन्य शुभ कार्यों को भी वृद्धाश्रम, अनाथालय जैसी जगहों पर मनाएं, जिससे युवा पीढ़ी सेवा और समर्पण की राह पर आगे बढ़ सके।
सिंधी पंचायत समिति पदाधिकारियों ने की जिलाधिकारी से मुलाकात
कानपुर। सिंधी पंचायत समिति के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर अपनी मांगों का पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे समिति के मुखी मनीष गोकलानी ने बताया कि बर्रा स्थित पार्क में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की गई है। साथ ही जिलाधिकारी को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर समाधा आश्रम में भव्य रूप से आयोजित होने वाले झूलेलाल चालीहा महोत्सव में आमंत्रित किया गया, जिसे जिलाधिकारी ने सहजता से स्वीकार किया।जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मर हटाने की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए केस्को के प्रबंध निदेशक को जल्द समाधान के निर्देश दिए। प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
विद्युत आपूर्ति में सुधार हो, यही हमारा उद्देश्य: आशीष गोयल
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश ऊर्जा विभाग के चेयरमैन आशीष गोयल, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी नितेश कुमार सोमवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस फिरोजाबाद पहुंचे। जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उसके बाद जन सस्याओं को भी सुना।
चेयरमैन आशीष गोयल ने बताया कि पहले की अपेक्षा अभी डिमांड काफी बढ़ी है, लोड बढ़ा है। हम अपेक्षाओं पर खरे उतरें। कमियों को ठीक किया जाए। इसके प्रयास किए जा रहे हैं। क्षमता वृद्धि करने का काम किया गया है। लाइन बदली गई हैं। व्यापक रूप से सुधार हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासनिक अधिकारियों और विधायकों के सुझावों को भी शामिल किया गया है।
प्रधानमंत्री ने धारा 370 व 35 ए हटाकर डाॅ मुखर्जी के सपनों को साकार किया: विजय शिवहरे
फिरोजाबाद। भाजपा महानगर द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डाॅ श्याम प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय पर एक संगोंष्ठी आयोजित की गई। जिसमें वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित विचार गोष्ठी का शुभारम्भ प्रदेश मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष डाॅ सतीश दिवाकर, मेयर कामिनी राठौर, फिरोजाबाद ब्लाक प्रमुख डाॅ लक्ष्मीनारायण यादव ने डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्र्यापण कर किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने डाॅ मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डाॅ मुखर्जी ने जम्मू कश्मीर में दो विधान, दो निशान नहीं चलेगा का नारा देकर आंदोलन प्रारम्भ किया।
जनसंघ संस्थापक का भाजपाइयों ने मनाया बलिदान दिवस
हाथरस। नगर भारतीय जनता पार्टी के कैंप कार्यालय पर संजय सक्सेना के प्रतिष्ठान पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौरव आर्य के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है” जैसे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए और उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, निवर्तमान जिला महामंत्री संजय सक्सेना, नगर महामंत्री दिनेश शर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष मोहन पंडित, जिला कार्यालय मंत्री विशाल गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र ग्रोवर, मंडल उपाध्यक्ष अशोक कुमार, पूर्व नगर मंत्री एवं विस्तारक अंकित गौड़, विशेष कुमार कर्दम, विष्णु चौधरी सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 1,713 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया
नई दिल्ली। ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के चलते भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अपने नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार देर रात मशहद से एक विशेष विमान 285 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा। दिल्ली एयरपोर्ट पर जैसे ही यह फ्लाइट उतरी, यात्रियों की आंखों में खुशी और भावुकता के आंसू देखने को मिले। कुछ लोगों ने जमीन पर माथा टेका, तो कुछ ने ‘वन्दे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। वहीं, इजराइल से भी भारतीय नागरिकों को निकाला जा रहा है। रविवार को 160 भारतीयों का एक जत्था इजराइल से जॉर्डन पहुंचा, जो सोमवार को दिल्ली पहुंचेगा। बताया जा रहा है कि इजराइल में करीब 40 हजार भारतीय नागरिक रह रहे हैं, जिनमें केयरगिवर, छात्र और मजदूर शामिल हैं। वहीं, ईरान में लगभग 4,000 भारतीय हैं, जिनमें से करीब 2,000 छात्र हैं।
Jansaamna