हाथरस। निस्वार्थ सेवा संस्थान की ओर से दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं। संस्थान ने अपने नियमित मासिक राशन वितरण अभियान के तहत परिवारों को खाद्य सामग्री के साथ दीपावली के उपहार भी भेंट किए। इस दौरान महिलाओं को साड़ियां, पुरुषों को दुशाले, बच्चों को खिलौने तथा परिवारों को मिठाई, खील और घर रोशन करने के लिए दीपक वितरित किए गए। इसके अलावा आटा, चावल, दाल, तेल, चीनी सहित अन्य जरूरी राशन सामग्री, फल और हरी सब्जियां भी उपलब्ध कराई गईं। संस्थान के सदस्य जरूरतमंद परिवारों के घर पहुंचे और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों तक भी खुशियां पहुंचें। किसी परिवार के चेहरे पर मुस्कान लाना और बच्चों में उत्साह जगाना ही सच्ची सेवा है। संस्थान कई वर्षों से प्रतिमाह जरूरतमंद परिवारों को राशन उपलब्ध करा रहा है और यह सेवा आगे भी जारी रहेगी। इस अवसर पर हिमांशु गौड़, सारांश टालीवाल, निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी और दीपांशु वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।
Jansaamna