हाथरस। नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित श्रमिक दरों के अनुसार वेतन और दीपावली बोनस दिलाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की ओर से पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी विभिन्न वार्डों में पूरी मेहनत और निष्ठा से शहर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं, लेकिन उन्हें शासन द्वारा निर्धारित श्रमिक दरों के अनुरूप वेतन और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कम वेतन के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने मांग की कि सभी आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को निर्धारित श्रमिक दरों के अनुसार वेतन दिलाया जाए तथा दीपावली पर बोनस का भुगतान कराया जाए। साथ ही वेतन और बोनस भुगतान में अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संगठन ने कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।
Jansaamna