Tuesday, November 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बर्रा-8 में कृत्रिम तालाब पर उमड़ा आस्था का सैलाब

बर्रा-8 में कृत्रिम तालाब पर उमड़ा आस्था का सैलाब

♦ भोजपुरी जन सेवा समिति ने 21वें वर्ष भी कराया छठ महापर्व का आयोजन
♦ नहर की गंदगी से परेशान श्रद्धालुओं ने शुरू की थी कृत्रिम तालाब की परम्परा
♦ अब हजारों लोगों की आस्था का बना केंद्र
कानपुर। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर बर्रा-8 में भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भोजपुरी जन सेवा समिति के बैनर तले आयोजित छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कृत्रिम तालाब में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
समिति के महामंत्री ओ.पी. सिंह ने बताया कि बर्रा-8 में छठ महापर्व के आयोजन का यह 21वां वर्ष है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र से गुजरने वाली नहर में व्याप्त गंदगी के कारण श्रद्धालुओं को छठ पूजा करने में काफी परेशानी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए समिति ने कृत्रिम तालाब बनाकर छठ महापर्व के आयोजन की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे यह पहल एक परम्परा का रूप लेती गई और आज लगातार 21वें वर्ष भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण में छठ पूजा करने का अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजन में क्षेत्रीय लोगों की सहभागिता और सहयोग से पर्व की परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।
छठ महापर्व के अवसर पर पूरा परिसर छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से गुंजायमान रहा। श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता के इस आयोजन ने लोक आस्था की परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष गंगा सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, रण विजय सिंह सेंगर, पी. के. सिंह परिहार सहित समिति के अन्य पदाधिकारी व क्षेत्रीय लोग शामिल रहे।