♦ एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह के नेतृत्व में एआरटीओ, खान विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
♦ नियमों के उल्लंघन पर 2.66 लाख रुपये से अधिक की धनराशि अधिरोपित
कानपुर। अवैध खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए घाटमपुर क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), खनन अधिकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान ओवरलोडिंग सहित परिवहन संबंधी अन्य अनियमितताओं पर कुल सात वाहनों का चालान किया गया। इन चालानों के अंतर्गत कुल 2 लाख 66 हजार 750 रुपये की धनराशि अधिरोपित की गई।
संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप लोडिंग तथा परिवहन संबंधी नियमों के अनुपालन की जांच की। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य ओवरलोडिंग एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ परिवहन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराना रहा।
ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन पर सख्ती के निर्देश
उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को ओवरलोडिंग एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों तथा परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संयुक्त जांच अभियान के माध्यम से परिवहन व्यवस्था की निगरानी को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर ओवरलोडिंग एवं अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Jansaamna