Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » परफॉर्मेंस ग्रांट के कार्यों पर बिठाई जांच, सचिव निलंबित

परफॉर्मेंस ग्रांट के कार्यों पर बिठाई जांच, सचिव निलंबित

♦ छह अधिकारियों सहित ग्राम प्रधान और ठेकेदार पर लटकी कार्रवाई की तलवार
मथुरा। गोवर्धन की अडींग ग्राम पंचायत में परफार्मेंस ग्रांट से बनाए जा रहे स्टेडियम के निर्माण कार्य में धांधली को लेकर डीएम पुलकित खरे संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली से बेहद नाराज हैं। परफॉर्मेंस ग्रांट के कार्य के लिए चयनित अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटका दी है। डीएम पुलकित खरे की कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। 2016 -17 में पंचायती राज विभाग ने उत्तर प्रदेश की 73 ग्राम पंचायतों को नगर पंचायतों की तर्ज पर समृद्ध और आत्म निर्भर बनाने के लिए चयनित किया था। जिसमें मथुरा जिले की पांच ग्राम पंचायत पैगांव, अडींग, तोष, ततरौता, नगला हुमायू देह को परफॉर्मेंस ग्रांट में शामिल किया गया। अडींग ग्राम पंचायत के कार्यों के लिए 3721.38 लाख रुपए की धन राशि स्वीकृत हुई थी। अडींग में परफॉर्मेंस ग्रांट से कराए जा रहे विकास कार्यों में जिला पंचायत राज अधिकारी की लापरवाही से अनियमितताएं बरती गईं। हाल ही में स्टेडियम के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री पीला ईंट और चुनाई में सीमेंट की बजाए रेता के उपयोग से आहत ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर सवाल खड़े कर दिए। अधिकारियों की लापरवाही से बेहद नाराज हुए। रविवार को ही उन्होंने पंचायत सचिव थान सिंह को निलंबित कर परफॉर्मेंस ग्रांट के कार्यों के लिए चयनित छह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश सीडीओ मनीष कुमार मीणा को दिए। निलंबित सचिव की भूमिका की जांच डीसी नरेगा एवं डीएसटीओ से होगी। ग्राम प्रधान को शिथिल पर्यवेक्षण हेतु पंचायती राज अधिनियम की सुसंगत धारा में नोटिस दिया गया है। संजय कुमार अवर अभियंता के विरूद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही एवं निलम्बन की संस्तुति प्रमुख अभियंता को भेजने के निर्देश। अधिशासी अभियंता जल निगम को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश। जिला कृषि अधिकारी को कठोर चेतवानी निर्गत की गई है।
ये भी आए कार्यवाही की जद में
निदेशक आरसीयूइएस को तत्काल सुमित कुमार इंटर्न इंजीनियर के निलंबन एवं ब्लैकलिस्ट की संस्तुति भिजवाने के निर्देश। तत्काल मथुरा से हटाने तथा इनके स्थान पर किसी अन्य को नामित करने हेतु संस्तुति भिजवाने के निर्देश। गोवर्धन एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश। जिला पंचायत राज अधिकारी को चेतवानी। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट तथा चरित्र एवं हैसियत प्रमाण पत्र निरस्त करने तथा समस्त कार्यदायी संस्था एवं सभी जनपदों को उक्त ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने हेतु पत्राचार। अडींग के समस्त कार्यों की जांच हेतु नवीन टीम बनाने के निर्देश दिये। तकनीकी एवं प्रशासनिक नोडल भी नामित करें। अन्य ग्राम पंचायत जिनको परफॉमेंस ग्राण्ट मिल रही है, उनके कार्यों की गुणवत्ता की जांच होगी।