Thursday, May 16, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कोचिंग संचालक की गोली मारकर हत्या

कोचिंग संचालक की गोली मारकर हत्या

फिरोजाबाद। नगला सिंघी थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव सड़क किनारे खड़ी थार गाड़ी में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना नगला सिंघी के गांव पीपरिया के पास थार गाड़ी के अंदर युवक का शव मिला है। युवक के बीच माथे में गोली मारी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिस थार गाड़ी में शव मिला है, उसके अभी नंबर भी नहीं आए हैं। युवक की पहचान आगरा के ताजगंज के महुआ खेड़ा निवासी 22 वर्षीय धर्मवीर यादव पुत्र स्व. शिवराम यादव के रूप में हुई है। पिता की एक साल पहले ही सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मृतक के चचेरे भाई जितेन्द्र यादव ने बताया कि धर्मवीर बीती शाम को घर से निकला था। रात 10 बजे उससे घरवालों की बात भी हुई थी। उसने बताया था कि कमरे पर ही है। दोस्तों के साथ जा रहा है। धर्मवीर ने दो माह पहले तीन करोड़ की जमीन बेची थी। उसके पिता जमींदार थे। पिता की मौत के बाद घर की जिम्मेदारी वही संभाल रहा था। वह दो बहनों में इकलौता भाई था। बड़ी बहन उमा की शादी हो चुकी है। छोटी बहन पढ़ाई कर रही है। वह आगरा में पुलिस भर्ती की स्वयं तैयारी कर रहा था और कोचिंग भी चला रहा था। दस दिन पहले ही उसने थार गाड़ी ली थी। इसी के नाम पर यह थार गाड़ी है। ग्रामीणों की सूचना पर एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ टूंडला अनिवेश कुमार और थाना प्रभारी पाल सिंह पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।