Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पुरुषोत्तम पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी

पुरुषोत्तम पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी

ऊंचाहार, रायबरेली। पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को गोकर्ण ऋषि की तपस्थली दक्षिण वाहिनी मां गंगा के गोकना घाट पर लाखों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में स्नान दान कर मोक्ष की कामना की। सुबह खराब मौसम के बावजूद भी बड़ी संख्या में लोग घाट पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाई। स्नानार्थियों ने पूजा अर्चना के साथ मंदिरों में जलाभिषेक किया। पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति की ओर से मां गंगा और बाबा भोलेनाथ की विधि विधान से पूजा अर्चना, गंगा महाआरती एवं दीप दान कर लोक कल्याण की कामना की गई। इसमें पांच हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। समिति द्वारा आयोजित निर्मल गंगा, स्वच्छता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण संगोष्ठी में भी लोगों ने बढ़-चढ कर हिस्सेदारी निभाई। जिसमें लोगों ने वृक्षारोपण व जल संरक्षण करने की शपथ ली। रात्रि एक बजे से ही गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हुआ। तमाम कांवरिए गंगा जल लेकर जलाभिषेक के लिए मंदिरों को रवाना हुए। समिति के सचिव वरिष्ठ पुरोहित पंडित जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि लगभग दो लाख से अधिक लोगों ने गंगा स्नान किया। दिनभर गंगा घाट हर हर महादेव, हर हर गंगे के जयकारों से गुंजायमान रहे। तहसील व पुलिस प्रशासन मौजूद रहा। घाट पर नाव नाविक एवं गोताखोर भी मौजूद रहे।