Friday, April 26, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » रोडवेज ने आॅटो रौंदा: बम्बा में पलटा: दो की मौत

रोडवेज ने आॅटो रौंदा: बम्बा में पलटा: दो की मौत

सिकन्द्राराऊ, जन सामना संवाददाता। हाथरस रोड स्थित गांव नगला विजन नहर पुल के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक ऑटो में टक्कर मार दी जिससे ऑटो बम्बे में पलट गया और हादसे में ऑटो चालक समेत एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वही ऑटो में सवार दर्जनभर से अधिक सवारियां गम्भीर रूप से घायल हो गईं। सवारियों की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतो पर कार्य कर रहे लोग दौड़कर बचाव कार्य में जुट गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया जहाँ से डॉक्टरों ने घायलों को अलीगढ़ रेफर किया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसे में मौत हो जाने के बाद मृतकांे के परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने हाथरस रोड पर शव रखकर आधे घण्टे तक जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की लम्बी लाइनें लग गईं।
बताया जाता है कि आज सुबह हाथरस रोड स्थित पेट्रोल पंप से एक ऑटो चालक डीजल डलवा कर सवारियों को लेकर थाना हसायन के गांव नगरिया पट्टी देवरी को जा रहा था जैसे ही ऑटो गांव नगला विजन नहर पुल के समीप पहुँचा तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए ऑटो में टक्कर मार दी जिससे ऑटो बम्बे में पलट गया। घटना के बाद ऑटो में सवार लोगों की चीख पुकार मचने लगी। आसपास खेतों पर कार्य कर रहे लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने प्रयास कर आॅटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में ऑटो चालक नफीस पुत्र गफ्फार खां व मीना देवी पत्नी शिव कुमार निवासीगण गांव नगरिया पट्टी देवरी की मौके पर ही मौत हो गई। वही सियाराम पुत्र खेमचन्द्र, रामा देवी पत्नी सियाराम, सीमा पुत्री सियाराम, मनीष पुत्र सियाराम मयंक पुत्र मनीष उम्र ढाई वर्ष निवासी गांव गंगनपुर जिला एटा, अर्जुन पुत्र नेवराम, खुशी पुत्री अर्जुन उम्र 12 वर्ष, पिंकी पत्नी अर्जुन, अमरीश 4 वर्ष, अभिषेक 10 वर्ष, निवासीगण धनीपुर मंडी जिला अलीगढ़, सोनवती पत्नी रामबाबू निवासी क्वार्सी अलीगढ़, अतुल पुत्र शिव कुमार 10 वर्ष, मोहनी पुत्री शिवकुमार 7 वर्ष, निवासीगण गांव नगरिया पट्टी देवरी थाना हसायन गम्भीर रूप से घायल हो गए। आक्रोशित लोगों ने शवों को रोड पर रखकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शान्त किया और आधे घण्टे के बाद रोड पुनः सुचारू हो सका। पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहाँ से डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने पर घायलों को अलीगढ़ मेडिकल रेफर किया है। घटना को अंजाम देकर बस का चालक बस समेत फरार हो गया। हादसे में हुई मौतों से मृतकों के परिजनों में भारी कोहराम मच गया। मामले की जानकारी होने पर सीओ आशीष प्रताप सिंह एवं तहसीलदार योगेंद्र सिंह भी सीएचसी पर पहुँच गए। बताया यह भी जाता है कि सभी लोग ऑटो में सवार होकर शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे।