Friday, March 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कृषि कुम्भ-2018 में किसानों को जानकारी उपलब्ध कराने हेतु अंतर्राष्ट्रीय कृषि वैज्ञानिकों को किया जाये आमंत्रित: मुख्य सचिव

कृषि कुम्भ-2018 में किसानों को जानकारी उपलब्ध कराने हेतु अंतर्राष्ट्रीय कृषि वैज्ञानिकों को किया जाये आमंत्रित: मुख्य सचिव

कृषि आधारित उद्योगों एवं किसानों के मध्य संवाद भी आयोजित कराये जायें: डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय
लखनऊ, जन सामना ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने निर्देश दिये हैं कि आगामी 26 से 28 अक्टूबर, 2018 तक भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में आयोजित कृषि कुम्भ-2018 में किसानों को कृषि सम्बंधी नवीनतम तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने हेतु कृषि विशेषकों एवं अंतर्राष्ट्रीय कृषि वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया जाये।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय काॅन्फ्रेंस-2018, कृषि कुम्भ के सफल आयोजन हेतु विभागीय अधिकारियों की बैठक कर अभी तक की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आयोजित की जाने वाली अंतर्राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी एवं सेमिनार के सफल आयोजन हेतु कृषि, उद्यान, सहकारिता एवं कृषि से जुड़े अन्य विभागों की प्रदर्शनियां लगाईं जायें, ताकि किसानों को अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध हो सके।
डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने निर्देश दिये कि प्रदेश के बाहर से प्रतिभाग करने वाले किसानों के ठहरने हेतु भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाये। उन्होंन कृषि आधारित उद्योगों एवं किसानों के मध्य संवाद भी आयोजित कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन, फूड पार्क आदि क्षेत्रों में क्रियाशील उद्योगों का भी अधिक संख्या में प्रतिभाग सुनिश्चित कराया जाये।
बैठक में प्रमुख सचिव, कृषि, अमित मोहन प्रसाद, प्रमुख सचिव, उद्यान, सुधीर गर्ग सहित सम्बंधित विभागों के प्रमुख सचिव/सचिव तथा वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।