Saturday, June 14, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राष्ट्र सेविका समिति ने निकाला पथ संचलन

राष्ट्र सेविका समिति ने निकाला पथ संचलन

फिरोजाबाद। राष्ट्र सेविका समिति चंद्रनगर महानगर द्वारा गुरुवार को सरस्वती शिशु मंदिर, गौशाला से भव्य पथ संचलन निकाला गया, जिसमें सैकड़ों महिलाएं और बालिकाएं हाथों में दंड लेकर अनुशासित पंक्तियों में चलती हुई नज़र आईं। पथ संचलन का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और भारत माता की जय के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। पथ संचलन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और देश सेवा की भावना का विकास करना रहा। यह आयोजन राष्ट्र सेविका समिति द्वारा संचालित प्रबोध एवं प्रवेश शिक्षा वर्ष के अंतर्गत हुआ, जो स्वामी बच्चू बाबा सरस्वती विद्या मंदिर, जलेसर रोड पर चल रहा है। इसमें बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी दी जा रही है। पथ संचलन सरस्वती शिशु मंदिर, गौशाला से प्रारंभ होकर सेंट्रल चौराहा, गंज बाजार, पुराना डाकखाना, शिवाजी मार्ग, आर्यनगर होते हुए वापस गौशाला पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख डॉ. शरद रेणु, ब्रज प्रांत बौद्धिक प्रमुख डॉ. मालती मिश्रा और प्रांतीय शारीरिक प्रमुख गरिमा ने किया। इस अवसर पर रिया, कनिष्क, कंचन, अंजू, रीना, नीताकांत उपाध्याय, विभूति वर्मा, रामलढ़ेती लकी, रंजीत सिंह, गौरव सहित अनेक स्वयंसेविकाएं और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर में पहली बार इस स्तर पर महिलाओं द्वारा निकाले गए इस अनुशासित पथ संचलन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त संदेश भी दिया।